26 Apr 2024, 10:28:52 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport » Rio olympics 2016

भारत लौटीं साक्षी का जोरदार स्वागत, CM ने दिया 2.5 करोड़ का चेक

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 24 2016 10:05AM | Updated Date: Aug 24 2016 12:57PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली/रोहतक। रियो ओलिंपिक में भारत को पहला पदक (ब्रॉन्ज मेडल) दिलाने वाली महिला पहलवान साक्षी मलिक का देश लौटने पर शानदार स्वागत किया गया। बुधवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर साक्षी का शानदार स्‍वागत किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर हरियाणा सरकार के पांच मंत्री भी मौजूद थे। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने साक्षी को ढाई करोड़ का चैक भी सौंपा। 

मुख्यमंत्री ने किया साक्षी का स्‍वागत 
झज्जर के बहादुरगढ़ में हरियाणा सरकार द्वारा अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा के कई नेताओं ने साक्षी मलिक का स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर, विधायक नरेश कौशिक ने भी साक्षी का स्वागत किया। 
 
मुख्यमंत्री ने दिया ढाई करोड़ रू. का चेक
सीएम मनोहर लाल ने कहा साक्षी मलिक ने देश, हरियाणा, रोहतक और मौखरा गांव का नाम रोशन किया है। हरियाणा के लिए खुशी का दिन है। सीएम ने कहा रक्षाबंधन के दिन देश की दो बेटियों ने पदक जीतकर तोहफा दिया है। बहादुरगढ़ में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में साक्षी को मुख्यमंत्री खट्टर ने ढाई करोड़ रूपए का चेक प्रदान किया।
 
साक्षी बनीं 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की ब्रांड एंबेसडर
साक्षी को 'बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ' कार्यक्रम के लिए हरियाणा का ब्रैंड एंबेसडर भी नियुक्त किया गया। खट्टर ने कहा- यह हमारे लिए गर्व की बात है कि देश की बेटियों ने इतना अच्छा प्रदर्शन किया। हमारी दो बेटियों साक्षी मलिक और पीवी सिंधु (रियो खेलों में महिला एकल बैडमिंटन में रजत पदक जीतने वाली) ने देश को गौरवांवित किया। उन्होंने कहा कि एक बार फिर हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश और राज्य का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
 
साक्षी के दोनों कोच को 10 लाख रू. का चेक 
सीएम ने साक्षी के कोच मनदीप को भी 10 लाख का चैक दिया। साक्षी ने सीएम से कहा कि उनके दो कोच हैं तो सीएम ने साक्षी की बात मान ली और दूसरे कोच को भी 10 लाख देने की घोषणा कर दी। सीएम ने कहा साक्षी ने अपने गांव, मां-बाप और सबका नाम रोशन किया है। 
 
साक्षी का सपना पूरा 
एयरपोर्ट से बाहर आकर साक्षी ने कहा कि उन्‍हें भारतीय होने पर गर्व है। उन्‍होंने कहा कि रियो में मैडल जीत कर उनका वर्षों का सपना पूरा हो गया। इसके लिए पूरे हिंदुस्‍तान ने मेरा साथ दिया। उन्‍होंने देशवासियों को धन्‍यवाद दिया। इस मौके पर मौजूद साक्षी के पिता ने कहा कि वह साक्षी को मिले स्‍वागत से बेहद खुश हैं। उन्‍होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी का इतना भव्‍य स्‍वागत होगा।
 
माता-पिता को किया सम्‍मानित
बता दें कि 23 अगस्त को दिल्ली विधानसभा ने ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक के माता-पिता को सम्मानित किया। विधानसभा में विपक्षी नेता विजेंद्र गुप्ता समेत कई विधायकों ने साक्षी के माता-पिता को ओलंपिक में उनकी बेटी के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
 
सीएम द्वारा की गई घोषणाएं - 
खेलों के लिए जल्द की जाएगी प्रशिक्षकों की नियुक्ति। 
गांव-गांव से खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए बनाई जाएगी योजना। 
साक्षी को उच्च पद की नौकरी देने के लिए सरकार तैयार। 
साक्षी को बनाया हरियाणा का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं का ब्रांड एंबेसडर। 
मोखरा गांव में बनेंगी खेल नर्सरी और स्टेडियम। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »