सीकर। राजस्थान के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानदेव आहूजा के उन पर दिये बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह खुद की सरकार के खिलाफ भी बोलते थे और इसलिए उन्हें चुनाव में पार्टी ने टिकट नहीं दिया। डोटासरा शुक्रवार को पंचायत चुनाव में जिले के सुतोद में स्थापित मतदान केन्द्र पर अपना मत डालने के बाद उनसे आहूजा के बयान पर पूछे सवाल पर मीडिया से कहा कि आहूजा साठ साल से ऊपर के हो चुके है, वह सठिया गये हैं, इसलिए कुछ भी बोल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जब उनकी खुद की सरकार थी तो उसके खिलाफ भी बोलते रहते थे और उन्होंने तो यहां तक कह दिया था, कि वसुंधरा राजे भ्रष्टाचार से घिरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि खुद की पार्टी पर ही जब आहूजा आरोप लगाते रहते हैं तो फिर उनके बयान को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेना चाहिए, इसीलिए तो पार्टी ने उनको टिकट नहीं दिया था।
उल्लेखनीय है कि हाल में आहूजा ने एक बयान में कहा था कि राजस्थान में अशोक गहलोत को हटाकर सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा और गहलोत को दिल्ली बुलाया जाएगा। उन्होंने कि प्रदेश में शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है और शिक्षा मंत्री भ्रष्टाचारियों से घिरे हुए हैं।