26 Apr 2024, 08:21:42 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Health

जब चलेंगे आपके पैर, तब चलेगी आपकी सेहत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 7 2018 11:46AM | Updated Date: Mar 7 2018 11:46AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

चलना और दौड़ना, दुनियाभर में प्रभावी और प्रसिद्ध व्यायाम है। लंबे समय तक फिट रहने के लिए कौन सा तरीका बेहतर है, इस बारे में भले ही विशेषज्ञों की राय अलग हो, पर इनके फायदे और जरूरत पर सभी एकमत दिखाई देते हैं। जो दौड़ना पसंद करते हैं उनके अनुसार चलने से कैलोरी की पर्याप्त खपत नहीं होती, वजन कम करने के इच्छुकों के लिए दौड़ना बेहतर रहता है। चलना पसंद करने वाले मानते हैं कि इससे जोड़ों और हड्डियों पर दबाव नहीं पड़ता और उनके चोटिल होने की आशंका नहीं रहती। हर उम्र के लोगों के लिए चलना आरामदायक है, हालांकि चलने की गति क्या हो, यह हर व्यक्ति के स्वास्थ्य और उम्र के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। 

 चलना और दौड़ना 

व्यायाम के तौर पर चलना सामान्य या तेज गति दोनों तरह से हो सकता है। तेज चलने को ब्रिस्क वॉक कहते हैं। चलने से हाथ, घुटनों, एड़ियों और जांघों पर ज्यादा असर पड़ता है। जॉगिंग का असर पूरे शरीर पर होता है, इसके लिए रिद्म बनाना होती है, क्योंकि इसमें मूवमेंट तेज होते हैं। शुरुआत चलने और तेज गति से चलने से करना चाहिए। धीरे-धीरे शरीर में मजबूती आने पर दौड़ना बेहतर रहता है। जॉगिंग करते हुए दबाव पैरों के पंजों की तरफ रखने की सलाह दी जाती है।

वजन कम करने के इच्छुकों के लिए चलने से बेहतर जॉगिंग को माना जाता है, इससे धड़कन तेज होती है और दिल को ज्यादा से ज्यादा आॅक्सीजन मिलती है। गठिया, सांस, दिल के मरीजों के अलावा बहुत मोटे और कमर व जोड़ों के दर्द से पीड़ित रहने वालों को जॉगिंग से बचने की सलाह दी जाती है। अगर शरीर की स्थितियां अनुकूल हैं और आप नियमित 20 मिनट तेज गति से चलते हैं तो ‘वॉक—जॉग’ का अभ्यास करना चाहिए। इसमें एक मिनट चलने और एक मिनट जॉगिंग करने को शामिल किया जाता है। 

समय : नियमित व्यायाम न करने वालों को सप्ताह में पांच दिन कम से कम 30 मिनट चलना चाहिए। एक साथ इतना समय नहीं निकाल सकते तो इसे तीन भागों में बांटें। सुबह दस मिनट ब्रिस्क वॉक यानी तेज गति से चलें। दोपहर में भोजन के बाद 10 मिनट सामान्य गति से और फिर शाम को 10 मिनट तेज गति से चलें। शुुरुआत में सातों दिन चलने की जगह एक या दो दिन शरीर को आराम दें। पसीना आने तक चलना जरूरी नहीं है। अच्छे मौसम में कई बार पसीना नहीं आता, पसीना कम-अधिक आने को अपने चलने का पैमाना न बनाएं। 

गति :  वॉक से अधिकतम लाभ पाने के लिए आपकी गति कितनी होनी चाहिए? इसके लिए हृदय गति सामान्य से डेढ़ गुना होने तक चलना उचित रहता है, अगर तेज चलने से सांस फूलने लगे तो अपनी गति धीमी कर लें। सामान्य अनुभव करने पर दोबारा गति बढ़ा दें।  

खाली पेट : सुबह खाली पेट चलना सबसे बेहतर है। चाय के शौकीन लोग चाय ले सकते हैं, उनके लिए यह स्टिमुलेटर का काम करती है। आधा गिलास जूस भी ले सकते हैं, पर वजन कम करना चाहते हैं तो कुछ भी खाने से परहेज करें। वॉक से पहले या उस दौरान थोड़ा पानी पी सकते हैं। गुनगुना पानी पीना बेहतर है। जिन्हें ज्यादा पसीना आता है, उन्हें साथ में पानी की बोतल लेकर जाना चाहिए, इससे डिहाइड्रेशन की समस्या नहीं होती। 

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »