मास्को। कांगो के नार्थ कीवु प्रांत में विद्रोहियों के हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गये हैं। मीडिया की बुधवार की रिपोर्ट के अनुसार यह हमला मंगलवार शाम नार्थ कीवु प्रांत के बेनी शहर के समीप हुआ। आशंका जताई गई है कि यह हमला विद्रोही समूह एलायड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (एडीएफ) के सदस्यों ने किया है। घायलों में सेना के दो जवान भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार सेना और विद्रोहियों के बीच सात घंटों तक गोलीबारी हुई।
इस दौरान रात में कई नागरिक शहर छोड़कर चले गये और बुधवार सुबह तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। गौरतलब है कि कांगो लंबे समय से एलायड डेमोक्रेटिक फोर्सेज के खिलाफ लड़ रहा है। एलायड डेमोक्रेटिक फोर्सेज का गठन पश्चिमी युगांडा में सरकार का विरोध करने के लिए हुआ था ओर धीरे-धीरे इसने पड़ोसी देश कांगो में भी अपने पैर पसार लिए। युंगाडा में इस समूह को आतंकवादी संगठन माना जाता है और इसे युगांडा और कांगो में लगातार हिंसक घटनाओं के लिए जिम्मेदार माना जाता रहा है।