इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तर पश्चिमी शहर हरिपुर में 50 लोगों से भरी एक नाव के झील में डूब जाने से आठ लोगों की मौत हो गयी और 10 से अधिक लापता हैं। शहर के सहायक आयुक्त अरब गुल ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को तर्बेला झील में हुई इस दुर्घटना में चार बच्चों समेत आठ लोगों के शव बरामद कर लिये गये हैं।
गोताखोरों ने 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। उन्होंने बताया कि हादसे के समय नाव पर महिलाओं और बच्चों समेत 50 से 60 लोग सवार थे। शहर के सभी अस्पतालों में आपात स्थिति की धोषणा की है। सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों को तुरंत ड्यूटी पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय गोताखोरों और राहत एवं बचावकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया लेकिन घटनास्थल तक सड़क नहीं जाने के कारण उन्हें वहां पहुंचने में देर लग गयी। इस बीच पाकिस्तानी सेना के विशेष बल को बचाव कार्य में तेज लाने के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि ऐसा लगता कि नाव में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण यह डूब गयी। नाव में लोगों के अलावा जानवर और सामान भी लदे हुए थे।