संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र(संरा) ने छह महीने के अंदर दो बार दुर्घटना में शामिल बोइंग 737 मैक्स 8 विमानों में अपने कर्मियों के उड़ान भरने पर रोक लगा दिया है। संरा के एक प्रवक्ता ने गुरुवार को यह जानकारी दी। संरा प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''हमारे सभी यात्रा ब्यूरो को निर्देश दिये गए हैं कि इथियोपिया में विमान के जिस मॉडल के साथ दुर्घटना हुई उस मॉडल में संरा के कर्मचारियों की टिकट बुक न करें।'' उन्होंने कहा कि यह कदम एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया है और दुनिया के कई देशों में नागरिक उड्डयन अधिकारियों द्वारा लिए गए निर्णयों का पालन करता है।
इथियोपिया एयरलाइंस का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान रविवार को अदीस अबाबा से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में सभी 157 लोग मारे गए जिसमें 21 संरा के कर्मचारी भी शामिल थे। एक अन्य बोइंग 737 मैक्स 8 विमान अक्टूबर में इंडोनेशिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिससे सभी 189 लोग मारे गए थे।
पांच महीने से कम समय में एक ही मॉडल की दूसरी दुर्घटना के बाद 737 मैक्स विमान को लेकर दुनिया भर में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं क्योंकि यह बोइंग का सबसे महत्वपूर्ण विमान मॉडल है जो कंपनी के परिचालन लाभ का लगभग एक तिहाई है।