27 Apr 2024, 05:38:30 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

बोपन्ना खिसके, पेस आगे बढ़े

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 9 2016 7:14PM | Updated Date: May 9 2016 7:14PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। रोहन बोपन्ना का शीर्ष दस में जगह बनाकर रियो ओलंपिक के लिये सीधा प्रवेश हासिल करने की उम्मीदों को आज तब झटका लगा जब वह एटीपी की ताजा विश्व रैंकिंग में पुरूष युगल में दो पायदान नीचे 13वें स्थान पर खिसक गये।

बोपन्ना और रोमानिया के उनके जोड़ीदार फ्लोरिन मर्जिया कल मैड्रिड ओपन के फाइनल में जीन जुलियन रोजर और होरिया टेकाउ से हार गये थे। इससे बोपन्ना को 90 रेटिंग अंकों का नुकसान हुआ। उनके पास हालांकि अब भी शीर्ष दस में जगह बनाने के मौके हैं।

दूसरी तरफ लिएंडर पेस की रैंकिंग में सुधार हुआ है। वह पुरूष युगल में तीन पायदान उपर 54वें नंबर पर पहुंच गये हैं। इन दोनों के अलावा भारतीय खिलाड़ियों में पुरव राजा (106), साकेत मयनेनी (116), जीवन नेदुचेझियन (129), दिविज शरण (139) और महेश भूपति (169) का नंबर आता है।

पुरूष एकल में भी भारतीय खिलाड़ियों को रैकिंग में नुकसान हुआ है। युकी भांबरी सात पायदान नीचे 129वें स्थान पर लुढ़क गये हैं। मयनेनी तीन पायदान नीचे 141वें, रामकुमार रामनाथन 240वें और सोमदेव देववर्मन 316वें स्थान पर खिसक गये हैं। विश्व स्तर पर एकल में रोजर फेडरर दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। नोवाक जोकोविच शीर्ष पर बने हुए हैं। एंडी मर्रे तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं।
उधर डब्ल्यूटीए रैंकिंग में सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस मैड्रिड ओपन में हारने के बावजूद शीर्ष पर बनी हुई हैं। इन दोनों के समान 12045 रेटिंग अंक हैं।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »