27 Apr 2024, 06:21:59 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के संकल्प को साकार करने में उप्र की अहम भूमिका : योगी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 9 2019 12:39AM | Updated Date: Nov 9 2019 12:39AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2024 तक देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर बनाये जाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस लक्ष्य के सम्बन्ध में कई कदम उठाये गये हैं। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को साकार करने में देश के सर्वाधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके दृष्टिगत राज्य सरकार द्वारा निर्धारित समयावधि में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने यह विचार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर की बनाये जाने के सम्बन्ध में आज यहां लोक भवन में आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर का बनाने का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार को अनेक कदम उठाने होंगे। इसके लिए जहां एक ओर दीर्घकालिक नीतियां एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचना बनाने की आवश्यकता है, वहीं प्रभावी सुशासन, तीव्र निर्णय लेने की प्रक्रिया और बेहतर उत्तरदायित्व के लिए संस्थात्मक पुनर्संरचना, लक्षित नीतियां एवं नियम भी बनाने होंगे।

बैठक के दौरान राज्य की अर्थव्यवस्था को 01 ट्रिलियन डॉलर की बनाने के सम्बन्ध में 07 प्रतिष्ठित संस्थानों-आईआईएम लखनऊ, अर्नेस्ट एण्ड यंग, आईआईएम बंगलौर, ग्राण्ट थार्टन, आईआईएम अहमदाबाद, केपीएमजी तथा जापानी ग्रुप द्वारा अपने-अपने प्रस्तुतिकरण कर सुझाव दिये गये। ज्ञातव्य है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाये जाने के लिए 17 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय संस्थानों से, उद्देश्य की प्राप्ति के लिए अपेक्षित रणनीति, कार्य योजना, आवश्यक वित्तीय व्यवस्था व अन्य तथ्यपरक सामग्रियों से युक्त अवधारणा नोट आमंत्रित किया गया। इसके क्रम में 07 संस्थानों द्वारा प्रस्ताव उपलब्ध कराये गये थे।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »