भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले के फूप थाना परिसर में आज कुछ लोगों ने पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी, जिसमें छह पुलिस कर्मचारियों को चोट पहुंची है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भारतीय जनता पार्टी नेता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फूप के पास क्वारी नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका था। इसी दौरान पुलिस कर्मचारियों और कुछ लोगों का विवाद हो गया। इसके बाद पुलिस एक व्यक्ति को अपने साथ थाने ले आयी।
इस घटना के उपरांत और अन्य व्यक्ति थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में एएसआई राहुल गुप्ता और अन्य आरक्षकों के गंभीर चोटे आई है। पुलिस ने बताया कि पुलिस पर हमले को लेकर फूप थाना पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रक्षपाल सिंह राजावत उनके भाई विनोद सिंह तथा उनके साथी जितेन्द्र सिंह तोमर, टंटी राजावत, श्यामू भारौली तथा चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया हैं। मुख्य आरोपी रक्षपाल सिंह राजावत को पकड लिया गया है।