27 Apr 2024, 09:51:13 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

चुनाव नजदीक देख केजरीवाल ने फिर अलापा अनधिकृत कालोनियों का राग : हर्ष वर्धन

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 12 2019 7:06PM | Updated Date: Sep 12 2019 7:06PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और दिल्ली की चांदनी चौक सीट से सांसद हर्ष वर्धन ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ‘राजनीतिक अवसरवाद’ तथा राजधानी की जनता से विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस अराजकतावादी नेता को लोग जल्द ही बेनकाब कर देंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को डॉ हर्ष वर्धन ने प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और दिल्ली के अन्य पांचों सांसदों के साथ संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) की सरकारों ने  राजधानी की अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने के मामले में गरीब लोगों के साथ बार-बार विश्वासघात किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल भी मौजूद थे।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप ने चुनाव से पहले इन कालोनियों को नियमित करने लालीपाप दिखाया लेकिन यह वादा कभी पूरा नहीं किा गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने के मामले में केजरीवाल की मंशा का पर्दाफाश हो गया है। डॉ हर्ष वर्धन ने कहा कि केजरीवाल ने चुनाव के समय अनधिकृत कालोनियों को लेकर जो बड़े-बड़े वायदे किए थे, उन पर अमल नहीं करके दिल्ली की जनता को गुमराह और धोखा दिया। पिछले विधानसभा चुनाव में दिल्ली के विकास के लिए 70 सूत्रीय एजेंडा लाने वाले श्री केजरीवाल चुनाव जीतने के बाद भूल गये।
 
केजरीवाल की सरकार ने पिछले पांच वर्षों में इन कालोनियों में रहने वाले लाखों लोगों को नारकीय जीवन से निजात दिलाने के लिए कुछ नहीं किया। इन कालोनियों में रहने वाले लोग पानी, बिजली और साफ.सफाई जैसी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव नजदीक आने पर केजरीवाल को एक बार फिर अनधिकृत कालोनियों की जनता की याद आई है और वह फिर इसे लेकर सक्रिय हो गये हैं। पांच वर्षों में इन कालोनियों को नियमित करने के लिए आप सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उल्टे अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने की केंद्र सरकार की प्रक्रिया के बारे में दुष्प्रचार किया जिससे लोगों को मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रखा जा सके।
 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आप की सरकार ने हाल में मीडिया में झूठे और निराधार बयान जारी कर आरोप लगाया, ‘‘मोदी सरकार अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने के विचार के खिलाफ है।’’ आप सरकार लोगों को गुमराह कर रही थी‘‘यदि भाजपा केंद्र में फिर सत्ता में आई तो वह अनधिकृत कालोनियों को ढहा देगी।’’ डॉ हर्ष वर्धन ने कहा कि हाल में संपन्न आम चुनावों में दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा के जीतने के बाद केजरीवाल को चिंता सताने लगी हैं।इन चुनावों में विधानसभा सीट के आधार पर आकलन किया जाये तो 70 में से 65 पर भाजपा को बढ़त मिली ।
 
यही नहीं आप के उम्मीदवार सात लोकसभा सीटों में से पांच पर तीसरे नंबर पर खिसक गए। पिछले आम चुनाव में आप के उम्मीदवार सभी सातों सीटों पर दूसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने दिल्ली विधानसभा के चुनाव नजदीक आने पर केजरीवाल के अनधिकृत कालोनियों के प्रति एक बार फिर उपजे प्रेम पर दिल्ली की जनता को उनकी विश्वासघाती मंशा से आगाह किया है। डॉ हर्ष वर्धन ने विश्वास जताया कि  राजनीतिक अवसरवादिता के माहिर केजरीवाल के झांसे में इस बार दिल्ली की जनता नहीं आयेगी और उनके अराजकतावादी चेहरे को बेनकाब कर देगी।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »