भोपाल। मध्यप्रदेश के गृह एवं जेल मंत्री बाला बच्चन ने कहा है कि नौकरी की शुरूआत में सही प्रशिक्षण आने वाली कठिनाइयों को सरलता से दूर करता है। कुशल संवाद के जरिए कठिन से कठिन परेशानियों को दूर किया जा सकता है। श्री बच्चन पुलिस प्रशिक्षण अकादमी, भौंरी में वार्तालाप एवं संवाद कुशलता विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद से संवेदनशीलता से जुड़े कई मसलों को आसानी से सुलझाया जा सकता है।
पुलिस के अधिकारियों को मिलने वाला प्रशिक्षण इस कार्य में काफी कारगर साबित होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता में समन्वय होना जरूरी है। अपराधियों में पुलिस का खौफ बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था का पालन करते समय भी वार्ता ही एक सशक्त माध्यम साबित होती है। श्री बच्चन ने अकादमी की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला ने अकादमी के बारे में विस्तार से जानकारी दी
और वहाँ होने वाले विभिन्न प्रशिक्षण के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में 200 युवा अधिकारी मैदानी अमले में शामिल किये जायेंगे। प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़, झारखण्ड, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश राज्यों के 31 प्रतिभागी शामिल हुए। इस मौके पर एडीजी अनिल कुमार और एस.पी. संजय सिंह भी मौजूद थे।