लखनऊ। समाजवादी पार्टी में मचे सियासी घमासान के बीच अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव को एक और झटका देने जा रहे हैं। मुलायम की रजामंदी के बगैर अखिलेश अब कांग्रेस के साथ गठबंधन की तैयारी में हैं। राहुल और अखिलेश ने गठबंधन को लेकर बातचीत तेज कर दी है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन खबरें हैं कि जल्द ही दोनों पार्टियां एक साथ चुनाव प्रचार करती नजर आ सकती हैं।
बताया जा रहा है कि इस प्रचार में अखिलेश और डिंपल यादव के साथ राहुल गांधी और प्रियंका भी शामिल होंगी। कहा जा रहा था कि डिंपल यादव और प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार में मंच साझा कर सकते हैं। लेकिन प्रियंका गांधी के ऑफिस ने इस खबर को गलत करार दिया और इस तरह की संभावना से इनकार कर दिया है।
ऑफिस की ओर से बयान आया कि प्रियंका की डिंपल यादव से न तो अभी तक कोई मुलाकात हुई है और न ही रैली में मंच साझा करने की कोई संभावना है। अगर यह गठबंधन हुआ तो ये पहला मौका होगा, जब 27 साल से यूपी की सत्ता से दूर कांग्रेस सपा के साथ चुना लड़ेगी।
जल्द राहुल सौपेंगे अपनी लिस्ट
माना जा रहा है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी जल्द ही अपने उम्मीदवारों की लिस्ट अखिलेश यादव को सौंप सकते हैं। 2017 का विधानसभा चुनाव सपा और कांग्रेस एक साथ मिलकर लड़ना चाहती है। सीटों के बंटवारे के लिए दोनों दल अपनी लिस्ट तैयार कर रहे हैं। लिस्ट में दोनों दलों के जो भी कमजोर प्रत्याशी होंगे उन्हें पीछे ले लिया जाएगा ताकि जीत सुनिश्चित हो सके।
90 सीटों पर कांग्रेस लड़ सकती है चुनाव
बताया जा रहा है कि गठबंधन के तहत अखिलेश यादव कांग्रेस को 90 सीटें दे सकते हैं। इस सिलसिले में अखिलेश और प्रियंका की बात लगभग फाइनल हो चुकी है। बुधवार को राहुल गांधी की दिल्ली में यूपी पार्टी के नेताओं से भी बैठक होने वाली है। इस बैठक में प्रियंका गांधी, यूपी प्रभारी घुलाम नबी आजाद, प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर भी शामिल होंगे। कहा जा रहा है कि इस बैठक में गठबंधन को मंजूरी मिल सकती है।