मोहाली। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेट कीपरों में शुमार भारत के वनडे कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के तीनों फार्मेट में 150 स्टंपिंग करने का नया विश्व रिकार्ड बना दिया है।
धोनी ने यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में रविवार को लेग स्पिनर अमित मिश्रा की गेंदों पर रॉस टेलर और ल्यूक रोंची को स्टंप कर यह कीर्तिमान स्थापित किया। धोनी के टेस्ट ,वनडे और ट्वंटी-20 तीनों फार्मेट में अब 151 स्टंपिंग हो गई हैं। श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा 139 स्टंपिंग के साथ काफी पीछे छूट चुके हैं।
विश्वकप विजेता कप्तान धोनी ने अपने करियर में 90 टेस्टों में 38 स्टंपिंग ,281 वनडे में 91 स्टंपिंग और 73 ट्वंटी-20 में 22 स्टंपिंग की है। तीनों फार्मेट में सर्वाधिक शिकार करने के मामले में धोनी 44 मैचों में 712 शिकार के साथ तीसरे नंबर पर हैं। धोनी ने अपने करियर में 561 कैच लपके हैं और 151 स्टंपिग की हैं।
धोनी से आगे ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट और दक्षिण अफ्रीका के मॉर्क बाउचर हैं। गिलक्रिस्ट ने 396 मैचों में 905 शिकार और बाउचर ने 467 मैचों में 998 शिकार किए हैं। बाउचर के खाते में 96 स्टंपिंग और गिलक्रिस्ट के खाते में 92 स्टंपिंग हैं।
धोनी के वनडे में 9000 रन पूरे
धोनी ने वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल कर ली है और यह कीर्तिमान बनाने वाले वह भारत के पांचवें तथा दुनिया के 17वें बल्लेबाज बन गए हैं।
धोनी यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के तीसरे विकेटकीपर बन गए हैं। भारत में धोनी से आगे मोहम्मद अजहरूद्दीन (9378), राहुल द्रविड़ (10889), सौरभ गांगुली (11363) और सचिन तेंदुलकर (18426) हैं। धोनी अपने 281वें मैच में इस उपलब्धि पर पहुंचे हैं।
धोनी तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर और भारतीय वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के मारने का मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
सचिन ने 463 मैचों में 195 छक्के लगाए थे जबकि धोनी 281वें मैच में 196 छक्के पर पहुंच गए हैं। वहीं धोनी ने अपनी पारी में पांचवां चौका लगाने के साथ ही 700 चौके भी पूरे कर लिए। सर्वाधिक चौके का विश्व रिकॉर्ड सचिन के नाम है।