19 Mar 2024, 15:20:09 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

IPL: पुणे ने स्टोक्स को 14 करोड़ में खरीदा, नहीं बिके ये खिलाड़ी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 20 2017 10:24AM | Updated Date: Feb 20 2017 5:48PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

बेंगलुरू। इंग्लैंड के आॅलराउंडर बेन स्टोक्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण की सोमवार को हुई नीलामी में 14.5 करोड़ रूपए की कीमत पाकर सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए तो वहीं पहली बार अफगानिस्तान के दो खिलाडि़यों ने लीग में अच्छी कीमत के साथ जगह बना ली। हालांकि भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को खरीददार ही नहीं मिला।

स्टोक्स का बेस प्राइस दो करोड़ - आईपीएल की सभी आठ फ्रेंचाइजी यहां पांच अप्रैल से शुरू होने जा रहे लीग के 10वें संस्करण की नीलामी में शामिल हुईं जिसमें इस बार 351 खिलाड़ी दांव पर रहे। इनमें 130 विदेशी खिलाड़ी शामिल थे जिनमें इंग्लिश खिलाड़ी स्टोक्स को अपना दूसरा ही सत्र खेल रही राइंजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने 14.5 करोड़ रूपए की भारी भरकम कीमत खर्च कर खरीद लिया। आॅलराउंडर स्टोक्स का बेस प्राइस दो करोड़ रूपए था।

12 करोड़ में बिके टाइमल मिल्स-   उम्मीद के मुताबिक स्टोक्स के लिए सुबह के सत्र में मुंबई इंडियन्स, दिल्ली डेयरडेविल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने भारी बोली लगाई। लेकिन अंतत: पुणे ने साढ़े 14 करोड़ रूपए की भारी कीमत देकर उन्हें खरीदा। अंत तक इंग्लिश आॅलराउंडर सर्वाधिक कीमत पाने वाले खिलाड़ी रहे। हालांकि बेंगलुरू ने उनके टीम साथी टाइमल मिल्स पर उनके बेस प्राइस 50 लाख रूपए से कहीं अधिक खर्च कर 12 करोड़ रूपए में उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया।

कोलकाता के हुए वोक्‍स - फ्रेंचाइजियों ने इंग्लिश खिलाडि़यों पर उम्मीद के हिसाब से काफी खर्चा किया और आॅलराउंडर क्रिस वोक्स तीसरे इंग्लिश खिलाड़ी रहे जिन्हें अच्छी कीमत मिली। वोक्स को 4.2 करोड़ रूपए में कोलकाता नाइटराइडर्स ने खरीदा। 

इशांत शर्मा में नहीं दिखी दिलचस्पी - भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा दो करोड़ रूपए के बेस प्राइस के साथ महंगे खिलाडि़यों की सूची में शामिल थे। लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई और सुबह के सत्र में नहीं बिके इशांत को नीलामी के बाकी सत्र में भी कोई खरीददार नहीं मिला। 

नहीं बिके भारत के ये खिलाड़ी- इशांत के अलावा भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा, आॅलराउंडर इरफान पठान, प्रज्ञान ओझा, उन्मुक्त चंद, अभिनव मुकुंद, मयंक डागर, आर पी सिंह, अखिल हेरवदकर अन्य प्रमुख भारतीय खिलाड़ी रहे जिन्हें नीलामी में किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा। 

कर्ण शर्मा को लेकर माथापच्ची - हालांकि इस बीच कर्ण शर्मा को 3.2 करोड़ की संतोषजनक कीमत मिल गई। कर्ण की बोली काफी रोमांचक रही जिसमें नीता अंबानी और उनके बेटे तथा टीम मेंटर श्रीलंका के पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने ने काफी गंभीरता से हिस्सा लिया और काफी माथापच्ची के बाद उन्हें 3.2 करोड़ रूपए खर्च कर सनराइजर्स हैदराबाद से अपनी टीम मुंबई इंडियन्स में शामिल कर लिया।

अफगानिस्तान के दो खिलाड़ी शामिल- सुबह के सत्र में करीब 70 खिलाडि़यों को खरीदा गया जिसमें इस बार अफगानिस्तान के दो खिलाडि़यों ने आईपीएल में खाता खोला। इनमें मोहम्मद नबी को सनराइजर्स हैदराबाद ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपए और 18 साल के युवा गेंदबाज राशिद खान को हैदराबाद ने ही उनके बेस प्राइस 50 लाख रूपए से कहीं अधिक चार करोड़ रूपए की भारी कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया जो काफी चौंकानेवाला रहा। 

एक करोड़ में बिके डैन - नीलामी के अंतिम सत्र में मनोज तिवारी को पुणे ने बेस प्राइस 50 लाख रूपए पर जबकि कोलकाता ने डैरेन ब्रावो को उनके बेस प्राइस 50 लाख रूपए की कीमत पर ही खरीद लिया। आॅस्ट्रेलियाई आॅलराउंडर डैन क्रिस्टियन का पुणे ने उनके बेस प्राइस एक करोड़ में खरीदा। वेस्टइंडीज के डैरेन सैमी को पंजाब ने 30 लाख रूपए पर खरीदा जो उनका बेस प्राइस था।

इमरान ताहिर को नहीं मिला कोई खरीददार - हालांकि दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर और आईसीसी की ट्वंटी-20 रैंकिंग में नंबर एक खिलाड़ी इमरान ताहिर को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा जो काफी अचरज भरा रहा। इमरान का बेस प्राइस 50 लाख रूपए था। वहीं आॅस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन काउल्टर नाइल को उनके बेस प्राइस एक करोड़ से अधिक 3.5 करोड़ रूपए में केकेआर ने खरीदा।

पांच करोड़ में कोलकाता के हुए ट्रेंट बोल्ट - आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने नीलामी में अधिकतर विदेशी खिलाडियों पर पैसा लगाया जिसकी पहले से ही काफी उम्मीद की जा रही थी इनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने टाइमल मिल्स पर 12 करोड़ रूपए खर्च कर डाले। मिल्स का बेस प्राइस 50 लाख रूपए था। कोलकाता नाइटराइडर्स ने तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को पांच करोड़ रूपये देकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया।

पांच करोड़ में बिके रबाडा- दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपनी टीम में दो गेंदबाजों कैगिसो रबाडा और पैट्रिक कंमिंस पर 9.5 करोड़ रूपए खर्च किए। रबाडा  का बेस प्राइस एक करोड़ रूपए था जिन्हें पांच करोड़ रूपए और पैट्रिक का बेस प्राइस दो करोड़ रूपए था जिनमें 4.5 करोड़ रूपए की अच्छी कीमत मिली।

229 खिलाड़ी थे गैर अनुभवी - आईपीएल नीलामी में इस बार कुल खिलाडि़यों में 229 खिलाड़ी गैर अनुभवी थे। नीलामी में शामिल खिलाडियों के पूल में 62 बल्लेबाज, 117 गेंदबाज, 150 आॅलराउंडर्स और 30 विकेटकीपर थे। दो करोड़ रूपए के बेस प्राइस वाली सूची में बेन स्टोक्स, इयोन मोर्गन, एंजेलो मैथ्यूज, पैट्रिक कंमिस, मिशेल जाॅनसन, इशांत शर्मा और क्रिस वोक्स थे जबकि 15 अन्य रिजर्व खिलाडि़यों का बेस प्राइस एक से 1.5 करोड़ रूपए रखा गया था।

दोगुनी कीमत में बिके वोक्स - इंग्लैंड के इयोन मोर्गन को किग्‍स इलेवन पंजाब ने उनके बेस प्राइस दो करोड़ रूपए, श्रीलंकाई खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज को उनके बेस प्राइस दो करोड़ पर ही तथा कोरी एंडरसन को उनके बेस प्राइस एक करोड़ पर ही दिल्ली ने खरीद अपनी टीम में शामिल किया। क्रिस वोक्स को कोलकाता नाइटराइडर्स ने उनके बेस प्राइस से दोगुनी कीमत देकर 4.2 करोड़ रूपए में खरीदा। 

मिशेल जॉनसन दो करोड़ में बिके - मुंबई ने विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरण को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपए और आॅस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन को उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपए में खरीदा है। पिछले साल दिल्ली के हाथों 8.5 करोड़ रुपए में बिकने वाले आॅलराउंडर पवन नेगी को इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक करोड़ में ही अपने टीम में शामिल किया है। कर्ण सुबह की नीलामी में 3.2 करोड़ रूपए की सर्वाधिक कीमत पाने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे।

ये भारतीय खिलाड़ी भी बिके- नेगी के अलावा अन्य भारतीय खिलाडि़यों में जयदेव उनादकट को पुणे सुपरजाएंट्स ने 30 लाख रूपए, ऋषि धवन को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 55 लाख रूपए, प्रवीण तांबे को 10 लाख रूपए में हैदराबाद, मुरगन अश्विन को दिल्ली ने एक करोड़ रूपए, नाथू सिंह को 50 लाख रूपए में गुजरात, अंकित चौधरी को दो करोड़ रूपये में बेंगलुरू ने खरीदा। एकलव्य द्विवेदी को अपने 75 लाख रूपए की कीमत मिली और वह हैदराबाद का हिस्सा बने। आदित्य तारे को दिल्ली ने 25 लाख, राहुल तेवतिया को 25 लाख रूपये में पुणे , अंकित बवाने को दिल्ली ने 10 लाख रूपए में खरीदा। कर्नाटक के आॅलराउंडर के गौतम को उनके बेस प्राइस 10 लाख रूपए से कहीं अधिक दो करोड़ रूपए खर्च कर लीग की सबसे अमीर टीम मुंबई ने खरीदा।

सबसे पहला नाम गुप्टिल का - फ्रेंचाइजियों ने जहां कई नए चेहरों पर करोड़ों खर्चे वहीं अनुभवी और नामी खिलाडि़यों को कोई खरीददार नहीं मिला। नीलामी में खाली लौटे खिलाड़यिों में न्यूजीलैंड के अनुभवी खिलाड़ी मार्टिन गुप्तिल भी शामिल रहे। दोपहर की नीलामी में सबसे पहला नाम गुप्तिल का ही था।

इसलिए स्‍टोक्‍स को खरीदा - नीलामी प्रक्रिया के बाद पुणे के मालिक संजीव गोएनका ने स्टोक्स पर भारी रकम खर्च करने को लेकर कहा कि उनकी टीम में कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं जिनमें स्टोक्स जैसे आॅलराउंडर की ही कमी थी। हालांकि पुणे के लिए यह कितना फायदे का सौदा साबित होगा यह समय आने पर पता चलेगा क्योंकि फ्रेंचाइजी इस बात से अवगत है कि इंग्लिश खिलाड़ी लीग के शुरूआती 14 मैच ही खेल सकेंगे।

स्मिथ और कोच का था निर्णय - गोएनका ने कहा - हमारे लिए यह अहम निर्णय था। नए कप्तान स्टीवन स्मिथ और कोच स्टीफन फ्लेंमिंग का भी यह निर्णय था। 25 साल के स्टोक्स ने अभी तक फ्रेंचाइजी क्रिकेट नहीं खेला है। उनका करियर स्ट्राइक रेट 134 से अधिक का है तथा गेंदबाजी में 77 मैचों में 8.60 का इकोनोमी रेट है।

मिशेल जाॅनसन को लेकर खुश नीता अंबानी - मुंबई की मालिक नीता अंबानी और उनके बेटे आकाश अंबानी ने कहा - हम स्टोक्स को नहीं खरीद पाने पर निराश नहीं हैं। हमने बाकी जो भी खिलाड़ी खरीदे वे बढ़िया हैं। हमारी रणनीति अच्छे खिलाड़ी खरीदना था और हमने वैसा किया। वहीं नीता ने कहा कि उनकी टीम ने हमेशा युवाओं का समर्थन किया है। वह खुश हैं कि मिशेल जाॅनसन वापसी कर रहे हैं।

इन्‍हें किसी ने नहीं खरीदा

मार्टिन गुप्टिल- बेस प्राइज 50 लाख

जेसन रॉय- बेस प्राइज 1 करोड़)

रॉस टेलर- बेस प्राइज 50 लाख

इरफान पठान- बेस प्राइज 50 लाख

दिनेश चांदीमल- बेस प्राइज 50 लाख

कायले अबॉट- बेस प्राइज 1.5 करोड़

क्रिस जॉर्डन- बेस प्राइज 50 लाख

इशांत शर्मा- बेस प्राइज 2 करोड़

पृथ्वी शॉ- बेस प्राइज 10 लाख

उन्मुक्त चंद- बेस प्राइज 30 लाख

प्रज्ञान ओझा- बेस प्राइज 30 लाख

क्रिस जॉर्डन-बेस प्राइज 50 लाख

एलेक्स हेल्स- बेस प्राइज 1 करोड़

भारत के टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा को आईपीएल नीलामी में नहीं मिला खरीददार।

तमिलनाडु के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को आईपीएल 10 की खिलाड़ियों की नीलामी में किंग्स इलेवन पंजाब ने तीन करोड़ रूपए में खरीदा।

तेज गेंदबाज अनिकेत चौधरी को रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दो करोड़ रूपए में खरीदा।

 

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »