भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में 9 दिसम्बर से शुरू हुई 4 दिवसीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में 120 पदक जीतकर मध्यप्रदेश पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा है। मध्यप्रदेश ने 60 स्वर्ण, 35 रजत और 25 काँस्य पदक प्राप्त किये। दूसरे स्थान पर तेलंगाना रहा जिसने कुल 110 पदक जीते। इसमें 35 स्वर्ण, 41 रजत और 34 कांस्य हैं। 22 स्वर्ण, 18 रजत एवं 08 कांस्य (कुल 48) पदक हासिल कर उत्तराखंड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलों की 16 विधाओं में प्रतियोगिताएँ हुईं। कुल प्रतिभागी खिलाड़ी 4,057, जिनमें बालक 2159, बालिका 1898 शामिल हुए। बीस राज्यों के कोच एवं खेल प्रबंधक की संख्या 401 रही। राज्य का सबसे बड़ा दल तेलंगाना का था, जिसमें 511 खिलाड़ी शामिल थे। मेजबान दल मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की संख्या 542 थी।