रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह रविवार को 65 बरस के हो गए। इस मौके पर डॉ. रमन को देशभर से बधाई मिली। सोशल मीडिया साइट्स ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विट कर लिखा कि- कड़ी मेहनत करने वाले और अनुभवी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई। मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ट्विटर पर बधाई देते हुए कहा कि- छत्तीसगढ़ को विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर बनाने वाले प्रदेश के जनप्रिय व कर्मठ मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह को जन्मदिन की बधाई। आप सदैव स्वस्थ रहें एवं दीघार्यु हो ऐसी ईश्वर से प्रार्थना है। केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली ने भी सीएम को ट्विट बधाई दी है।
दिन भर चला बधाई का सिलसिला
ट्विटर के जरिए बधाई देने वालों के अलावा सुबह से ही सीएम हाउस गुलजार रहा। बधाई देने वालों की भारी भीड़ सीएम हाउस में जुटी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, मंत्री राजेश मूणत, महेश गागड़ा, केदार कश्यप, पुन्नूलाल मोहिले समेत निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्ष के अलावा तमाम लोगों ने डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
शाह, शिवराज, फणनवीस ने भी भेजा संदेश
डॉ.रमन सिंह को ट्विटर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फणनवीस ने भी बधाई दी है। शिवराज सिंह ने जहां डॉ.रमन सिंह को अपना बड़ा भाई बताते कहा कि छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊचांइयों पर ले जाने वाले मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, तो वहीं देवेंद्र फणनवीस ने डॉ.रमन को बधाई देते हुए लंबी उम्र और स्वस्थ रहने की शुभकामनाएं दी है।
टॉप-5 में रमन, फेसबुक पोस्ट को 11 घंटे में लाखों लाइक
अपने जन्मदिन के मौके पर बचपन से लेकर अब तक की यादों को समेटते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा फेसबुक पर पोस्ट किए गए वीडियो को बीते 11 घंटों में 2 लाख 32 हजार लोगों ने देखा। इसमें बड़ी बात यह है कि किसी भी अन्य सीएम के पोस्ट किए गए वीडियो की तुलना में इसे सबसे अधिक बार देखा गया। इससे डॉ. रमन सिंह अब ऐसे टॉप 5 सीएम की सूची में शामिल हो गए हैं, जिनके वीडियो को लाखों लोगों ने ना केवल देखा बल्कि उस पर लाइक्स भी मिले।
दरअसल, डॉ.रमन सिंह ने रविवार सुबह 65 बरस पूरे करने पर सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर वीडियो पोस्ट किया था, उस वीडियो का टाइटल था- ‘आपका साथ और प्यार पाकर जीवन के ये 65 साल कैसे बीत गए कुछ पता ही नहीं चला। जिंदगी के कुछ ऐसे ही मीठे पल आपसे शेयर कर रहा हूं।’ इस वीडियो के जरिए डॉ.रमन सिंह ने अपनी कई चुनिंदा तस्वीरें साझा की थी।
रुस तक जुड़े छत्तीसगढ़ के तार, आई ऐसी बधाई...
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के लिए रुस से भी जन्मदिन पर बधाई का पैगाम आया। ये पैगाम एक वीडियो के माध्यम से आया है, जिसमें रुस और इजराइल के छात्र-छात्राओं ने डॉ. रमन को जन्मदिन की बधाई दी है। दरअसल, रुस में यूथ और स्टूडेंट का वर्ल्ड फेस्टिवल चल रहा है। इस आयोजन में शामिल यूथ आपस में अपने-अपने देशों के विकास पर अपने आईडिया और सोच को साझा कर रहे हैं। इस आयोजन में राजनांदगांव के सुयश पांडेय भी शामिल हैं। हिदायतुल्ला लॉ यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र सुयश ने छत्तीसगढ़ के विकास की बातें साझा की। सुयश के जरिए जब दूसरे देशों के छात्र-छात्राओं को पता चला कि छत्तीसगढ़ जिस सीएम के नेतृत्व में विकास कर रहा है, उनका आज जन्मदिन है तो वे डॉ. रमन सिंह को एक वीडियो के माध्यम से बर्थडे विश करना नहीं भूले।