कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक-एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने सोमवार को बताया कि भाजपा के समर्थक एक छात्र की पूर्वी बर्धमान जिले में दुर्गापुर के ककशा में रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसकी हत्या उस समय की गयी जब वह प्रस्तावित ‘सेव डेमोक्रेसी रैली’ के संबंध में एक बैठक में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था।
भाजपा नेताओं ने छात्र की हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया, मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोगों ने रात साढ़े 10 बजे भाजपा कार्यकर्ता संदीप को नजदीक से गोली मार दी। उसे तत्काल दुर्गापुर के एक अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना 24 दक्षिण परगना जिले के हतपुकुरिया गांव में हुई। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता नजीरुद्दीन सरदार की उस समय हत्या कर दी गयी जब अपने एक संबंधी के साथ दोपहिया वाहन से रविवार की रात करीब 10 बजे घर लौट रहा था। हमलावरों ने नजीरुद्दीन को वाहन से उतारकर गोली मार दी।