बंगलूरू। इस साल कर्नाटक में चुनाव होने वाले हैं इसके चलते राहुल गांधी लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। वह लगातार मंदिर, मठ और मजारों के दर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज वह मैसूर के चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। जहां उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने एक बार फिर नोटबंदी को बहुत बड़ी गलती बताया है।
उन्होंने कहा यह नहीं की जानी चाहिए थी। जीएसटी और नोटबंदी ने देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है। इसका सीधा असर भारतीय अर्थव्यवस्था और रोजगार पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि हम एक अर्थव्यवस्था के रूप में बहुत अच्छे तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद भी हम देश में रोजगार पैदा नहीं कर पा रहे हैं। इसका क्या कारण हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक के घोटाले का आरोपी नीरव मोदी देश का 22 हजार करोड़ रुपए लेकर विदेश भाग गया है। लेकिन हमारी सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी है।