26 Apr 2024, 23:07:46 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

विश्वनाथन आनंद ने जीता ताल मेमोरियल रेपिड शतरंज खिताब

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 7 2018 11:14AM | Updated Date: Mar 7 2018 11:14AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। विश्व रैपिड चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने खेल के इस प्रारूप में शानदार फॉर्म जारी रखते हुए मास्को में अंतिम दौर में इजरायल के बोरिस गेलफैंड से आसान ड्रॉ खेलने के बाद ताल मेमोरियल रैपिड शतरंज खिताब अपने नाम किया। आनंद ने दो महीने पहले रियाद में विश्व रैपिड खिताब हासिल किया था। अब यह भारतीय खिलाड़ी ब्लिट्ज टूर्नामेंट में इसी प्रदर्शन को दोहराने का प्रयास करेगा।
 
आनंद के संभावित नौ में से छह अंक रहे। उन्होंने चार जीत हासिल की और चार बाजियां ड्रॉ खेलीं। उन्हें एकमात्र बाजी में हार तीसरे दौर में अजरबेजान के शखरियार मामेदयारोव से मिली, लेकिन इसके बाद इस शीर्ष भारतीय खिलाड़ी ने शानदार फॉर्म दिखाई। आनंद ने इयान नेपोमनियाच्ची, एलेक्जेंडर ग्रिसचुक और रूस के दानिल दुबोव और अमेरिका के हिकारू नाकामुरा को शिकस्त दी, लेकिन ग्रिसचुक पर पिछली बाजी में जीत उनके लिए अहम साबित हुई।
 
इससे आनंद का खिताब सुनिश्चित हो गया। दस खिलाड़ियों के राउंड रॉबिन टूर्नामेंट में मामेदयारोव, रूस के सर्गेर्ई कारजाकिन और नाकामुरा पांच अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि गेलफैंड और ग्रिसचुक 4.5 अंक से संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे। दुबोव और रूस के व्लादीमीर क्रैमनिक ने चार-चार अंक जुटाए, जबकि रूस के पीटर स्विडलर और नेपोमनियाच्ची की जोड़ी नौंवे स्थान पर रही।
 

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »