नई दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की माँग उतरने से चार दिन बाद इसमें गिरावट देखी गई। स्थानीय बाजार में सोना 100 रुपए लुढ़ककर 29,350 रुपए प्रति दस ग्राम रह गई। हालाँकि, औद्योगिक माँग आने से चाँदी 250 रुपए चमककर 41,200 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बोली गई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 40 रुपए लुढ़कने के बाद लगातार चार दिन में पीली धातु में बढ़त दर्ज की गई थी।
इस दौरान यह 750 रुपए चमककर करीब डेढ़ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुँच गई थी। इसके बाद ऊँचे भाव पर माँग घटने से इसमें गिरावट रही। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सप्ताहांत पर शुक्रवार को सोना हाजिर में 1.38 डॉलर की तेजी रही जबकि अमेरिकी सोना वायदा 2.5 डॉलर की गिरावट में रहा। ये क्रमश: 1,197.25 डॉलर तथा 1,197.30 डॉलर प्रति औंस पर रहे। वैश्विक स्तर पर गत दिवस चाँदी 0.5 डॉलर लुढ़ककर 16.81 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गई।