नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में जिस तरह से आतंकियों की मदद के आरोप में डीएसपी देविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है उसके बाद इस पूरे मसले पर जमकर सियासत शुरू हो गई है। भाजपा ने आज कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि देश की इस सबसे पुरानी पार्टी का पाकिस्तान के साथ कुछ न कुछ कनेक्शन जरूर है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के डीएसपी देविंदर सिंह की गिरफ्तारी में धर्म ढूंढने पर करारा प्रहार हुए भाजपा ने कहा कि कांग्रेस ने वही किया है जिसमें वह निपुण है, भारत के ऊपर हमला और पाकिस्तान को बचाने की कोशिश।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, 'आव देखा न ताव, कांग्रेस ने धर्म ढूंढ लिया है। आतंकवाद पर धर्म की राजनीतिक करना कांग्रेस की राजनीतिक तरीका रहा है। भगवा आतंकवाद, हिंदू आतंकवाद जैसे शब्द कांग्रेस ने ही गढ़े हैं। सोनिया गांधी के इशारे पर यह सब हो रहा है। कुछ तो गड़बड़ है, कुछ तो कनेक्शन पाकिस्तान के साथ है। वरना, बार-बार वही जुबान पाकिस्तान बोलता है।
शाम तक हाफिज सईद और इमरान खान, दोनों का ट्वीट आ जाएगा समर्थन में। हेडलाइंस चलने शुरू हो गए हैं पाकिस्तान के मीडिया में। वहां के मीडिया ने इस विषय को उठा लिया है। आप इंतजार कीजिए आज फिर से हाफिज सईद कहेगा, 'आई लव यू कांग्रेस। वह पहले भी कह चुका है कि मैं कांग्रेस से बहुत प्यार करता हूं। वह फिर से कांग्रेस के साथ अपनी मोहब्बत का इजहार करेगा।
पात्रा ने कहा कि डीएसपी का आतंकियों के साथ कनेक्शन निकला और इसीलिए उसकी गिरफ्तारी हुई है। कांग्रेस हिंदुओं को आंतकवादी साबित करने की लगातार कोशिश करती रही है। शशि थरूर, रणदीप सुरजेवाला और पी चिदंबरम कहते रहे हैं कि भारत हिंदू पाकिस्तान बन जाएगा।