नई दिल्ली। जल्द ही लोगों के हाथ में अब 75 रुपए का सिक्का आने वाला है। केंद्र की मोदी सरकार ने अंडमान निकोबार की राजधानी पोर्ट ब्लेयर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की ओर से पहली बार तिरंगा फहराने की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 75 रुपए का स्मारक सिक्का यानी कोमेमोरेटिव कॉइन जारी करने का ऐलान किया है। वित्त मंत्रालय की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
बता दें कि सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में 30 दिसंबर, 1943 को पहली बार तिरंगा फहराया था। 21 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहाराया था और बोस द्वारा गठित आजाद हिंद सरकार की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ पर स्मारक पट्टिका का अनावरण भी किया था। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा पोर्ट ब्लेयर पर पहली बार तिरंगा फहराने की 75वीं वर्षगांठ पर केंद्र सरकार की अधिकृत अथॉरिटी मिंट 75 रुपए का यह सिक्का तैयार करेगी।