फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी के गढ फिरोजाबाद में रविवार को समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने अपने पुत्र आदित्य यादव के साथ रोड शो कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया जिससे सपा की धडकने बढ गई है। रोड शो में सड़क के हर तरफ मोर्चा का झंडा लहराती गाड़ियां दूर तक दिखायी दी। रोड शो में समर्थकों के उत्साह को देखकर गदगद हुये शिवपाल यादव ने कहा कि सपा से उपेक्षित लोग मोर्चा से जुड रहे है। मोर्चा से जुडने वाले सभी वर्ग के लोगों को सम्मान व न्याय दिलाने का काम किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव के गढ एवं उनके पुत्र अक्षय यादव के संसदीय क्षेत्र फिरोजाबाद में चुनौती देते हुए सेक्युलर मोर्चा ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। शिवपाल के काफिले ने जैसे ही जिले की सीमा सिरसागंज में प्रवेश किया तो मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजीम भाई व सिरसागंज के वर्तमान
विधायक के पुत्र पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव उर्फ छोटू पूर्व सपा नेत्री मीना राजपूत के साथ मोर्चा के समर्थकों की सैकड़ों गाड़ियों का काफिला एक साथ निकल पडा। समर्थकों ने फूल मालाओं से काफिले का जोशीला स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने शिवपाल यादव को तलवार व गदा भेंट किया। भाजपा सरकार द्वारा उन्हें बंगला आवंटन किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बंगला उन्हें एक पार्टी का अध्यक्ष होने के नाते आवंटित किया गया है।