26 Apr 2024, 18:10:48 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

आंकड़े पक्ष में नहीं लेकिन लड़ाई मजबूती से लड़ना चाहिएः सोनिया

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 16 2017 7:52PM | Updated Date: Jul 16 2017 7:52PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सोमवार को वोटिंग से पहले बैठकों का दौर जारी है। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वर्तमान माहौल पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश का संविधान तथा कानून खतरे में है और विपक्षी दलों के राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हमें इस खतरे से बाहर निकालने में सक्षम साबित होंगे।

               
श्रीमती गांधी ने राष्ट्रपति चुनाव की पूर्वसंध्या पर विपक्षी दलों के सांसदों की बैठक में विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार मीरा कुमार और उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी का परिचय कराते हुए कहा कि दोनों नेता अनुभवी और संविधान के जानकार हैं और वे देश को इस खतरे से बाहर निकाल सकते हैं और देश के श्रेष्ठ राष्ट्रपति तथा श्रेष्ठ उप-राष्ट्रपति सिद्ध होंगे।
              
उन्होंने कहा कि वर्तमान में गंभीर असंतोष का दौर चल रहा है। देश का भविष्य और संवैधानिक मूल्य दांव पर हैं और उनकी रक्षा करना इन सिद्धांतों को मानने वालों की जिम्मेदारी है। 
 
उन्होंने कहा, भले ही इस चुनाव में आंकड़े हमारे पक्ष में नहीं हों लेकिन लड़ाई पूरी ताकत के साथ जरूर लड़ी जानी चाहिए। भारत को उन लोगों की कृपा पर नहीं छोड़ सकते जो देश पर संकीर्ण विचारधारा और फूट डालने वाली सांप्रदायिक सोच थोपना चाहते हैं।
 
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के सांसदों की यह बैठक न सिर्फ देश के बहुलतावादी लोकतंत्र की रक्षा के लिए बल्कि विपक्ष की एकता और साझा सोच को प्रदर्शित करती है। 
 
विशिष्ट उम्मीदवारों के लिए विपक्षी दलों के सांसदों की मौजूदगी इस बात को सुनिश्चित करती है कि समावेशी, सहनशील और बहुलतावादी भारत के लिए सही मायने में यह एक संघर्ष है और इस संघर्ष से हम पीछे नहीं हटेंगे।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »