26 Apr 2024, 10:31:03 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

जहां हुए राहुल के रोड शो, वहां हुआ कांग्रेस का सूपड़ा साफ: भाजपा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 21 2017 9:42PM | Updated Date: Feb 21 2017 9:42PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा पंचायत चुनावों के बहाने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि जहां जहां गांधी का रोड शो हुआ है वहां वहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में गांधी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इलाहाबाद में हुए रोड शो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ओडिशा में बरगढ़ में गांधी ने रोड शो किया था और वहां पंचायत चुनावों में कांग्रेस का सफाया हो गया है तथा भाजपा ने जीत हासिल की है।

उन्होंने कहा कि ओडिशा पंचायत चुनावों के चार चरणों के चुनावों के बाद आठ सौ में से करीब सात सौ सीटों के नतीजे आ गए हैं और भाजपा ने कांग्रेस के मुकाबले छह गुना सीटों पर जीत दर्ज की है और पूरा परिणाम आने पर कांग्रेस दस प्रतिशत से कम पर सिमट जाएगी। भाजपा अभी तक 270 से अधिक सीटें जीत चुकी है

जबकि कांग्रेस की सीटें 50 के आसपास हैं। बीजद को अभी तक 380 सीटें मिलीं हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा ने अभी तक के परिणाम के अनुसार नौ  जिला पंचायतों - बरगढ़, बोलांगीर, देवगढ़, कालाहाण्डी, मल्कानगिरि, मयूरभंज, संबलपुर और स्वर्णपुर तथा ओंगुल में विजय का परचम फहरा दिया है तथा एक अन्य में बढ़त बनाये हुए है।

इनमें में बोलांगीर, देवगढ़, कालाहाण्डी, मयूरभंज और संबलपुर कांग्रेस के पुराने गढ़ रहे हैं। कालाहाण्डी में सभी 30 सीटों पर भाजपा विजयी रही है। वर्ष 2012 के चुनाव में बीजद को 651, कांग्रेस को 128 सीटें और भाजपा को 36 सीटें मिलीं थीं। सिंह ने अनुमान व्यक्त किया कि इस बार बीजद को करीब 425, कांग्रेस को 50 से 60 और भाजपा को 300 से अधिक सीटें मिलेंगी। इस प्रकार से भाजपा की सीटों में करीब आठ से दस गुना का इजाफा होगा।

अंतिम परिणाम 24-25 फरवरी तक आऐंगे। भाजपा की सफलता के कारण गिनाते हुए सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता, केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभ और बीजू जनता दल के 17 साल के कुशासन के कारण भाजपा को यह सफलता मिली है। उन्होंने बीजू जनता दल की सरकार पर बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि दिन में जिन सीटों पर भाजपा जीत रही है, उनमें अनेक सीटें रात में डण्डे के जोर पर बीजद को मिल जातीं हैं।

उन्होंने दावा किया कि अगर ये धांधली ना होती तो सबसे ज्यादा सीटें बीजद को नहीं बल्कि भाजपा को मिलतीं। उन्होंने कहा कि इन नतीजों से तय हो गया है कि ओडिशा में अगली सरकार भाजपा की बनेगी और राज्य से कांग्रेस का सफाया हो जायेगा जो वर्तमान विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल है। उन्होंने कहा कि इसी से समझा जा सकता है कि उत्तर प्रदेश में गांधी के रोड शो का क्या परिणाम होगा।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा 250 से अधिक सीटें जीतकर बहुत अच्छे बहुमत से सरकार बनाएगी। ओडिशा में सांगठनिक तैयारियों के बारे में उन्होंने बताया कि मंडल स्तर पर संगठन का विस्तार किया गया और 451 मंडलों को 999 मंडलों में तब्दील किया गया। हर मंडल में स्थानीय मुद्दों पर हर माह एक-एक प्रदर्शन कराए गए।

मंडल में तीन प्रदर्शनों के बाद जिला स्तर पर एक प्रदर्शन कराए गए। इसके बाद प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नेतृत्व किया। इसके बाद सांगठनिक ढांचा चुस्त करने में संगठन सह महामंत्री सौदान सिंह ने मदद की। केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान एवं जुएल ओरांव तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बसंत पांडा ने जमीनी मेहनत की है।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »