27 Apr 2024, 10:27:50 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

सरकार का ऐलान- आज से आपको पेट्रोल पंप पर डेबिट कार्ड से मिलेंगे 2000 रु.कैश

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 18 2016 10:02AM | Updated Date: Nov 18 2016 10:02AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। नोटबंदी का आज दसवां दिन है। देश में इन दिनों नोटबंदी की हाहाकार मची हुई है। चारों तरफ एटीएम और बैंक के बाहर लाइन ही दिख रही है। वहीं मोदी सरकार ने नोटबंदी की परेशानी को देखते हुए कुछ नई घोषणाएं की हैं। सरकार की तरफ से कहा गया है कि अब पेट्रोल पंप पर भी कैश मिलेगा।  

पेट्रोल पंप से रोज निकालो 2000 रुपए
नए आदेश के मुताबिक  पेट्रोल पंप पर डेबिट कार्ड स्वाइप कर 2000 रुपए प्रतिदिन ले सकते हैं। अभी यह सुविधा देश के करीब 2500 पेट्रोल पंपों पर ही मिलेगी। इंडियन आॅइल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी तेल कंपनियां, एसबीआई बैंक के साथ मिलकर ये सुविधा दे रही हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इन पेट्रोल पंप पर स्टेट बैंक आॅफ इंडिया की पीओएस मशीनें मौजूद हैं, जो डेबिट या क्रेडिट कार्ड ट्रांजेक्शन में इस्तेमाल की जाती हैं।
 
नोट बदलने की लिमिट घटाई
पुराने नोटों को बदलने की सीमा को सरकार ने 4500 रुपए से घटाकर 2000 रुपए कर दिया है। यह व्यवस्था शुक्रवार से प्रभावी होगी। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने कहा कि ज्यादा लोगों को पुराने 1000 और 500 रुपए के नोट बदलने की सुविधा मिल सके इसलिए बैंकों के काउंटर से नोट बदलने की सीमा को 4500 रुपए से घटाकर 2000 रुपए किया गया है। काउंटर से बड़े मूल्य के पुराने नोट के बदले नई मुद्रा लेने की सुविधा 30 दिसंबर तक (एक व्यक्ति एक बार के आधार पर) उपलब्ध रहेगी। स्थिति सामान्य होते ही दो हजार रुपए की लिमिट को फिर बढ़ा दिया जाएगा।
 
24 तक नहीं लगेगा टोल टैक्स
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित सभी टोल प्लाजा में टोल टैक्स की वसूली स्थगित करने की अवधि 24 नवंबर को आधी रात तक बढ़ा दी है। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार वित मंत्रालय द्वारा 500 और 1000 के नोट बंद करने के बाद लोगों को परेशानी से निजात दिलाने के लिए यह फैसला किया गया है।
 
नहीं आएंगे एक हजार के नए नोट
वित्तमंत्री जेटली ने ऐलान किया है कि सरकार का 1000 का नया नोट लाने का कोई प्लान नहीं है। नोटबंदी के बाद आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने कहा था कि सरकार जल्द नई डिजाइन में 1000 का नया नोट भी बाजार में लेकर आएगी, लेकिन जेटली ने गुरुवार को इस पर विराम लगा दिया।
 
नोटों की जमाखोरी न करें
रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने लोगों से नोटों की जमाखोरी नहीं करने की अपील की है। केंद्रीय बैंक ने गुरुवार को कहा कि नोटों की पर्याप्त आपूर्ति है। करीब दो महीने पहले से ही नोटों की छपाई बढ़ा दी गई थी। लोग घबराएं नहीं। 
 
नोटबंदी का फैसला वापस नहीं होगा
वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि नोटबंदी का फैसला सरकार द्वारा वापस नहीं लिया जाएगा। आने वाले दिनों में यह दुनिया का सबसे बड़ा नकदी बदली का अभियान बन जाएगा। नई करंसी तेजी से बैंकों तक पहुंचाई जा रही है। जल्द ही एटीएम की समस्याएं भी दूर की जाएंगी। कांग्रेस इसमें बाधा डाल रही है, जबकि सभी को समर्थन देना चाहिए। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »