रांची। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का 14 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि मरांडी ने दिखाया कि कोई भी व्यक्ति सत्ता में रहे बिना भी राज्य विकास के लिए काम कर सकता है। शाह ने राजधानी रांची में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कई वर्षों के बाद मरांडी ने 'घर वापसी' (अपने घर में वापसी) की और कमल के निशान के साथ फिर से जुड़े गये हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बाबूलाल मरांडी और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि उन्हें कभी बाहरी नहीं माना जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि मरांडी कुछ कारणों से चले गये थे लेकिन उन्होंने दिखाया कि कोई भी व्यक्ति बिना शक्ति और सत्ता के रह सकता है और फिर भी विकास के लिए काम कर सकता है। गृहमंत्री ने कहा कि वह साल 2014 में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद मरांडी को पार्टी में वापस लाने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘वह थोड़े जिद्दी हैं, इसलिए वह आसानी से भरोसा नहीं करते थे, लेकिन अब उन्होंने सभी की इच्छा को स्वीकार कर लिया है और भाजपा में वापस आ गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि मरांडी के आगमन से भाजपा और स्थानीय नेतृत्व को मजबूती मिलेगी।