19 Mar 2024, 17:23:58 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

भारतीय नौसेना में अत्यधिक सक्षम उपकरण शामिल : रामनाथ कोविंद

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 21 2019 12:41AM | Updated Date: Nov 21 2019 12:57AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कन्नूर। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने बुधवार को कहा कि भारतीय नौसेना समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में उच्च क्षमता वाले अत्याधुनिक उपकरणों को शामिल कर रही है। कोविंद ने एझिमला में भारतीय नौसैनिक अकादमी में एक सैन्य इकाई को मिलने वाला सर्वोच्च सम्मान ‘प्रेसीडेंट कलर्स’ प्रदान करने के बाद नौसेना के कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारत की तटरेखा बहुत विशाल है तथा यहां कई द्वीप मौजूद हैं। इन सभी द्वीपों  और हमारी तटरेखा का सामरिक महत्व बहुत अधिक है। 

उन्होंने कहा कि समुद्र के माध्यम से हमारे कारोबार और ऊर्जा की आवश्यकताओं का एक बड़ा हिस्सा पूरा  होता है। इसके मद्देनजर समुद्र की सुरक्षा बहुत आवश्यक है, ताकि जमीन पर  आर्थिक तथा आधारभूत विकास और जन-कल्याण सुनिश्चित हो सके।’’ देश की समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नौसेना ने बड़ी संख्या में अत्यधिक सक्षम एवं अत्याधुनिक उपकरणों को शामिल किया है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हम डिजिटल युग में रह रहे हैं और भविष्य के युद्ध सूचना एवं प्रौद्योगिकी के मैदान में भी लड़े जाएंगे।  

उन्होंने भारतीय नौसेना को ‘विशेष ध्वज’ प्रदान कर सम्मानित किया और आईएनए कैडेट्स के 24 पलाटून द्वारा प्रस्तुत रस्मी परेड का निरीक्षण किया। कोविंद ने आईएनए में दिये गये प्रशिक्षण की सराहना की और कहा कि कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत ऊर्जावान और स्फूर्तिदायक परेड आईएनए में प्रदान किए गए प्रशिक्षण के उच्च मानकों को प्रस्तुत करते हैं। केरल के राज्यपाल आरिफ मुहम्मद खान, नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह, दक्षिणी नौसेना कमांडेंट वाइस एडमिरल अनिल कुमार चावला, आईएनए कमांडेंट वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस समारोह में शामिल हुए।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »