मुंबई। हमेशा अपने बयानों से विवादों में रहनेवाले भाजपा नेता गिरिराज सिंह फिर से एक बार सुर्खियों में हैं। अब केंद्रीय मंत्री और बिहार बीजेपी के नेता गिरिराज सिंह पर एक फिल्म बनने जा रही है। इस फिल्म को लेकर पोस्टर भी जारी कर दिया गया है। फिल्म का नाम 'हर गरीब-जरूरतमंद की आवाज हूं, हां मैं गिरिराज हूं' रखा गया है। फिल्म का पोस्टर जारी होने के बाद यह सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में आ गया है।
फिल्म के पोस्टर में गिरिराज सिंह दिखाई दे रहे हैं। उनकी तीन तस्वीर पोस्टर में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस फिल्म के पोस्टर की मानें तो केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर बनने वाली यह फिल्म एक शॉर्ट फिल्म होगी। इस फिल्म को दिनकर फिल्म प्रोडक्शन की ओर से बनाया जा रहा है। वहीं, इस फिल्म के डायरेक्टर रघुबीर सिंह हैं।
उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय आ रहे हैं। उनके आने के बाद फिल्म के साथ अन्य विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि फिल्म में किनकी क्या भूमिका होगी, कौन-कौन कलाकार होंगे, इस पर अभी चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग में जन्म लेने वाले गिरिराज सिंह के जीवन से जुड़ी कहानियों से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री के पीए सोनू ने कहा कि अभी उन्हें फिल्म के संबंध में पूरी जानकारी नहीं है। सोशल मीडिया पर बस पोस्टर ही देखा है।