27 Apr 2024, 08:23:32 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

व्यावसायिक घरानों का लोगों का भरोसा तोड़ना चिंताजनक: कोविंद

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 6 2019 12:33AM | Updated Date: Oct 6 2019 12:48AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हाल के वर्षों में व्यावसायिक घरानों द्वारा लोगों का भरोसा तोड़े जाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए शनिवार को कहा कि इससे आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है। कोविंद ने यहां भारतीय कंपनी सचिव संस्थान के 51वें स्थापना दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि कंपनी सचिव एक प्रशासन पेशेवर और आंतरिक व्यापार भागीदार की भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें (कंपनी सचिव को) एक जिम्मेदार कारोबार को बढ़ावा देना चाहिए एवं बड़े सामाजिक-आर्थिक लक्ष्यों के साथ आर्थिक उद्देश्यों को संतुलित करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हाल के दिनों में कुछ व्यावसायिक उद्यमों ने लोगों का भरोसा तोड़ा है। कंपनियां या तो लड़खड़ा गई हैं या उनमें ठहराव आ गया है।
 
इस प्रक्रिया में आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है। कंपनी सचिव एक प्रशासन पेशेवर और एक आंतरिक व्यापार भागीदार की भूमिका निभाते हैं। उन्हें एक जिम्मेदार कारोबार को बढ़ावा देना चाहिए और बड़े सामाजिक-आर्थिक लक्ष्यों के साथ आर्थिक उद्देश्यों को संतुलित करना चाहिए।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि कंपनी सचिव को यह अवश्य सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी हितधारक मुनाफा और मुनाफाखोरी के बीच अंतर को समझ सकें और कानून का अनुपालन करें। उन्हें उन मुद्दों पर अवश्य विचार-विमर्श करना चाहिए जहां सुधार की आवश्यकता है, ताकि अतीत की गलतियों या सीमाओं से निपटा जा सके। कोविंद ने कहा कि कंपनी प्रशासन की अवधारणा जटिल है, लेकिन जिन सिद्धांतों पर यह आधारित है, वे बिलकुल स्पष्ट हैं। पारदर्शिता, जवाबदेही, ईमानदारी और निष्पक्षता इसके चार स्तंभ हैं।
 
कंपनी सचिवों को जिम्मेदारीपूर्वक यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इन सिद्धांतों को व्यवहार में कैसे लाया जाये?  राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं निवेश के एक प्रमुख केन्द्र के रूप में अपने ब्रांड मूल्य को बढ़ाने के लिए एक  केंद्र सरकार द्वारा रूपरेखा तैयार किये जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए एक महत्वपूर्ण सवाल यह है कि कंपनी कानूनों को पारदर्शी तरीके से किस प्रकार लागू किया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘एक कुशल, निष्पक्ष एवं उपयुक्त कंपनी प्रशासन व्यवस्था हमारे राष्ट्र निर्माण का एक प्रमुख घटक है। इसे पूरा करने के लिए कंपनी सचिवों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनकी ईमानदारी और निष्पक्षता एक न्यायपूर्ण समाज के लिए हमारी प्रतिबद्धता को निर्धारित करती है।’’
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »