पुणे। दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य महाराष्ट्र में अति सक्रिय रहा जबकि पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, सिक्किम, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय रहा और जम्मू कश्मीर, सौराष्ट्र, कच्छ, रायलसीमा और तमिलनाडु में मानसून कमजोर पड़ गया है। पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। देश के मैदानी इलाके बिकानेर और गंगानगर (पश्चिम राजस्थान) में सबसे अधिक तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, सिक्किम, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और केरल पर अलग-अलग स्थानों पर रविवार रात से आज सुबह तक आंधी और तूफान के साथ बारिश हुयी। असम, मेघालय, कोंकण और गोवा में कहीं कहीं अगले 24 घंटे में बहुत तेज और कहीं-कही मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।
इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों तेज से बहुत तेज बारिश होने के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय क्षेत्र, सिक्किम, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है। झारखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। झारखंड में कड़कती बिजली के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे मध्य अरब सागर, उत्तर और बंगाल की मध्य खाड़ी से सटे हुए समुद्र में 40-50 किमी प्रति घंटा की गति से तेज हवा चल सकती है जिससे समुद्र का रूख प्रतिकूल हो सकता है।
पिछले 24 घंटे के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, सिक्किम, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और केरल के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुयी। इसके साथ ही पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक कर्नाटक में कई स्थानों पर तथा पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके, ओडिशा, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, रायलसीमा और तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुयी या फिर गरज के साथ छींटे पड़े।