26 Apr 2024, 11:15:10 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State » Maharashtra

भारी बारिश ने फिर रोकी मुंबई की रफ्तार, 72 घंटे का अलर्ट जारी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 20 2017 1:41AM | Updated Date: Sep 20 2017 1:41AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। कोकण सहित मुंबई के उपनगरों में फिर तेज हवा और बादल गरजने के साथ मूसलाधार बारिश हुई। रात 11.46 पर 4.25 मीटर हाई टाइड रहा। बारिश से लोकल ट्रेन की रफ्तार थम गई, बेस्ट बस के मार्ग डायवर्ट किए गए और निचले इलाकों में पानी जमा होने से यातायात सेवा प्रभावित रही। लोगों के आॅफिस से घर तक पहुंचने में काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।वहीं आशंका जताई जा रही है कि अगले कई घंटे तक तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तीन दिन तक भारी बारिश की आशंका जताई थी। वहीं महंगे पेट्रोल को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन कई जगह नहीं हो पाया। यह अब 20 सितंबर को होगा।


ऑफिस से जल्दी निकले लोग 
मंगलवार दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। लोग जहां थे वहीं थम गए। घर जाने के लिए ऑफिस से जल्दी निकले। मन में एक ही डर था, कहीं 29 अगस्त जैसी स्थिति न आ जाए। 
 
यहां जोरदार बारिश 
बोरीवली, अंधेरी, कुर्ला, कांदिवली, दादर, हिंदमाता, परेल, भांडुप, बांद्रा, महालक्ष्मी, सायन, मांटूगा, गोवंडी, शिवाजी नगर, चेंबूर आदि जगह भारी बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार खबर लिखे जाने तक शहर में किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

टूर्नामेंट फाइनल रद्द 
मुंबई की इंडियन आयल और सिकंदराबाद की दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के बीच 13वें पीएमसी बैंक अखिल भारतीय गुरू तेग बहादुर गोल्ड कप हाकी टूर्नामेंट का फाइनल मैच बारिश के कारण नहीं खेला गया। जिसके बाद दोनों टीमों को ट्राफी साझा करना पड़ी।
 
आज भी हो सकती है तेज बारिश, मुंबईकर रहें सावधान 
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में आज भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि अगले 48 से 72 घंटों के दौरान मुंबई समेत कोकण इलाके में तेज बारिश हो सकती है। दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और बंगाल की खाड़ी के ऊपर हवा के कम दबाव के कारण भारी बारिश की आशंका है। 
 
दक्षिण मुंबई में अधिक बरसेंगे बादल
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को दक्षिण मुंबई में जोरदार बारिश होगी, तो उत्तर मुंबई में कम होगी। अगर हवा इसी तरह गतिमान रहा तो गुरुवार को बारिश हो सकती है। मध्य मराठवाड़ा को छोड़कर कोकण, गोवा आदि जगहों पर तेज और झमाझम बारिश होने की उम्मीद मौसम विभाग ने व्यक्त की है। 

हालात से ली सबक
मनपा के एक अधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को 303 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी, जिससे परिवहन सेवा बुरी तरह प्रभावित हो गई थी और आम जनजीवन ठहर सा गया था। इसके बाद मनपा सतर्क थी। मौसम विभाग ने बारिश की आशंका व्यक्त की थी, जिसकी तैयारी पूरी रखी गई थी। हालात से सबक लेने के कारण मनपा तैयार थी। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »