नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में एक विधायक के हॉस्टल में लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़ित लड़की की उम्र 17 साल बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है और इस आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। विधायक के हॉस्टल में ऐसी घटना होने पर मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पीबी ज्वेलर्स का मालिक मनोज विनोद भगत 13 अप्रैल को अपनी ही शॉप में काम करने वाली पीड़िता के घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद मनोज पीड़ित को अपनी कार में विधायक हॉस्टल में लेकर पहुंचा। जहां मनोज ने अपने दोस्त रजत मद्रे के साथ पहले लड़की के साथ एमएलए हॉस्टल की पार्किंग में गैंगरेप किया गया, जिसके बाद उसे हॉस्टल के कमरा नंबर 320 में ले जाया गया, जहां दोनों आरोपियों ने चार दिनों तक उसे अपने साथ रखा और उसके साथ गैंगरेप किया।
इसके बाद आरोपी मनोज पीड़िता को 16 अप्रैल की शाम उसके घर छोड़ आया। लेकिन अगले दिन दूसरा आरोपी रजत शराब पी कर पीड़िता के घर पहुंचा और उसने घरवालों से दुर्व्यवहार किया। पीड़िता इससे काफी परेशान हो गई और अपना घर छोड़ कर चली गई। इसके बाद पीड़िता की मां ने लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि पुलिस की तत्परता से पीड़िता को कुछ ही घंटों में तलाश लिया गया, जिसके बाद पीड़िता ने अपने साथ गैंगरेप की घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आशंका जताई जा रही है कि पीड़िता को दोनों ने नशीला पेय पदार्थ भी पिलाया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों ने गैंगरेप की कोई फिल्म तो नही बनाई या किसी तरह की तस्वीर तो नहीं खिंची है।