भोपाल। सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिल्ली-एनसीआर में पटाखों की बिक्री पर बैन के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अकेले पटाखों से ही प्रदूषण नहीं होता। पटाखों से हमेशा नई खुशी का आगाज होता है। दिल्ली-एनसीआर में पटाखा बिक्री पर बैन को लेकर पूछे सवाल के जवाब में शिवराज ने कहा कि 'अकेले पटाखों के चलते ही प्रदूषण नहीं होता। हम मिट्टी के दीये जलाएंगे और कुछ पटाखे भी फोड़ेंगे।' शिवराज ने कहा, 'पर्यावरण महत्वपूर्ण है, लेकिन परंपराएं अपनी जगह हैं। इसलिए हम परंपरागत रूप से ही दिवाली मनाएंगे।' उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जरूरी है लेकिन, परंपराएं भी अपने स्थान पर हैं। ऐसे में प्रसन्नता के साथ दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। उन्होंनेकहा कि, पर्यावरण का ध्यान तो रखना चाहिए। मगर इसके लिए जिस तरह से निर्देश जारी होते हैं, उनका पालन किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दी दीपोत्सव की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीपावली पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल कोहली ने अपने संदेश में कहा है कि दीपावली का त्यौहार अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है। यह त्यौहार हमें विश्व में शांति,सदभाव और एकता के साथ रहने की प्रेरणा देता है।
एक दीया प्रदेश के विकास के लिए भी जलाएं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आग्रह किया है कि एक दीया प्रदेश के विकास के लिए भी जलाएं। चौहान बुधवार शाम सपरिवार विदिशा पहुंचे और फार्म हाउस पर पूजा-अर्चना की। चौहान ने विदिशा में बाढ़ वाले गणेश मंदिर में दर्शन किये और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा प्रदेश की निरंतर उन्नति की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने शेरपुरा स्थित अपने निवास पर परिवार के साथ मां लक्ष्मी का पूजन किया। इस दौरान वे शहरवासियों से भी मिले।