26 Apr 2024, 22:51:58 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

मध्यप्रदेश में सबकुछ ठीक है, शोभा ओझा का दावा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 16 2020 11:26AM | Updated Date: Feb 16 2020 11:26AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के मध्यप्रदेश में अपनी ही पार्टी की सरकार को सार्वजनिक तौर पर घेरने और इसके बाद दिल्ली में पार्टी की समन्वय समिति की बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री कमलनाथ की सिंधिया को लेकर प्रतिक्रिया की घटनाओं के बावजूद प्रदेश कांग्रेस की मीडिया विभाग की अध्यक्ष श्रीमती शोभा ओझा का दावा है कि पार्टी और सरकार स्तर पर सबकुछ ठीक है। 

उन्होंने भी मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान की तर्ज पर कहा है कि पार्टी अपने वचनों को पूरा करने के लिए कार्य कर रही है। वचन पांच साल के लिए हैं। दरअसल सिंधिया ने हाल ही में टीकमगढ़ जिले की यात्रा के दौरान एक सार्वजनिक कार्यक्रम में राज्य में आंदोलनरत अतिथि शिक्षकों के समर्थन में बयान देते हुए कहा था कि यदि उनके संबंध में सरकार ने वचन पूरे नहीं किए तो अतिथि शिक्षक अकेले नहीं उतरेंगे सड़कों पर। वे (सिंधिया) भी उनके साथ रहेंगे।

इस बयान के साथ ही प्रदेश में राजनीति फिर गर्मा गयी और एक बार फिर विपक्ष को सरकार को घेरने का मौका मिल गया। इसके बाद कल दिल्ली में कांग्रेस की समन्वय समिति की बैठक सिंधिया द्वारा कथित तौर पर बीच में छोड़ देने की सूचना आयी, हालाकि इसके तत्काल बाद सिंधिया और अन्य कांग्रेस नेताओं की ओर से खंडन भी आ गया। यह सब घटनाक्रम चल ही रहा था कि बैठक के बाद दिल्ली में पत्रकारों के सवालों के जवाब में  कमलनाथ ने कहा कि वे अध्यक्ष (प्रदेश अध्यक्ष) हैं, तो समन्वय उन्हें ही बनाना है।

इसके साथ ही सिंधिया के सड़क पर उतरने संबंधी सवाल के जवाब में  कमलनाथ ने तत्काल कहा 'तो उतर जाएं।' इसका वीडियो कल सोशल मीडिया पर वायरल होते ही अनेक मायने निकाले जाने लगे। इन घटनाक्रमों के बीच श्रीमती ओझा ने दोहराते हुए कहा कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय भी बेहतर है। राज्य की कांग्रेस सरकार ने किसानों के ऋणमाफी समेत अन्य महत्वपूर्ण वचनों पर भी तुरंत कार्य शुरू किया है। अभी तक लगभग 380 वचन पूरे हो गए हैं।

अन्य वचनों पर भी हमारी पार्टी की सरकार राज्य में कार्य कर रही है। इस बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को इंदौर में मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि वादे पूरे करने में हम सभी कांग्रेस नेता साथ हैं। वादा सिंधिया  ने अकेले नहीं, हम सभी ने किए हैं। वचनपत्र पांच साल के लिए होता है। अभी सरकार को सवा साल हुए हैं। इसमें भी सरकार ने कई वचन पूरे कर दिए हैं। अतिथि शिक्षकों की प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी और बता सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि यह बिल्कुल गलतफहमी है कि सिंधिया किसी के खिलाफ हैं। कांग्रेस एकजुटता से कमलनाथ के साथ खड़ी हुयी है।

इस बीच कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि समन्वय समिति की बैठक में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, सिंधिया, पटवारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के बीच राज्य में सत्ता और संगठन से जुड़े अनेक मसलों के अलावा राज्य में आगामी दो विधानसभा उपचुनावों को लेकर भी चर्चा हुयी। अधिकांश मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिश की गयी। राज्य में आगामी समय में राज्यसभा की कुछ सीटों के लिए निर्वाचन भी होना है। 

 

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »