मेंटिस श्रिम्प मुख्य रूप से प्रशांत महासागर में पाया जाता है। यह तीन हजार फुट गहरे पानी में रहता है। वैसे इसे हिंद महासागर में भी देखा गया है। दुनिया भर में इसकी 400 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें सबसे आकर्षक पीकॉक मेंटिस श्रिम्प होता है।
पीकॉक मेंटिस श्रिम्प का शरीर दिखने में मोरनी की तरह बहुत ही खूबसूरत होता है। आमतौर पर यह जीव छोटा होता है। इसकी लंबाई लगभग 4 इंच होती है। हालांकि शोधकर्ताओं ने 18 इंच तक के मेंटिस श्रिम्प भी देखे हैं। इस जीव की आंखों में कई खूबियां होती हैं।
इसकी दोनों आंखें इनके सिर के ऊपर एक एंटिने की तरह उठी हुई और उभरी हुई होती हैं। इतना ही नहीं, इसकी दोनों आंखों के बॉल अलग-अलग दिशाओं में काफी पीछे तक घूम सकते हैं यानी एक आंख से यह बाईं तरफ की चीजों पर गहरी नजर रख सकता है तो उसी समय दूसरी आंख से दाईं तरफ की चीजों को देख सकता है।
हमारी आंखें तीन रंगों के कॉम्बिनेशन (संयोजन) से बने इंद्रधनुष को देख सकती हैं, तितली पांच रंगों से बने इंद्रधनुष को देख सकती है, लेकिन पीकॉक मेंटिस श्रिम्प 16 रंगों के संयोजन से बने इंद्रधनुष को भी देख सकता है। ऐसी रोशनी अल्ट्रा वायलेट स्पेक्ट्रम से निकलती है, जिसे हमारी आंखें नहीं देख सकतीं।