04 May 2024, 13:23:36 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

इंदौर। काकाणी हत्याकांड के एक आरोपी की राजेंद्र नगर पुलिस ने चिनार हिल्स में तीन युवकों से चाकू मारकर हुई लूट में गिरफ्तारी ले ली है। उसने इससे पहले तिंछाफॉल में प्रेमी युगल से और इसके बाद सिरपुर रोड पर दो लोगों को लूटना स्वीकारा है। साथ ही चापड़ा, देवास में भी दो लूट करना बताया है। एसपी (पश्चिम) मनीष अग्रवाल के अनुसार 21 जून की शाम चिनार हिल्स, राऊ बायपास की पहाड़ी पर बाइक सवार चार बदमाशों ने दिव्यांश चौहान, महर्षि पाठक और शुभम बागवाले को चाकू मारकर मोबाइल, सोने की चेन, अंगूठी, कान की बाली और एवेंजर बाइक लूट ली थी। 

इनके साथ प्रद्युम्न, मधुकर सिंह व हिमांशु भी थे। राजेंद्र नगर पुलिस ने लूट का केस दर्ज किया था। घायलों ने बदमाशों की हंक बाइक का नंबर (एमपी09-क्यूएफ-6205) बताया था। जांच में उक्त नंबर अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के 19 भोज नगर निवासी सुमित किसनानी की टीवीएस बाइक का निकला, जो 13 से 18 जून के बीच चोरी हो गई थी। एक विशेष टीम आरोपियों को तलाश रही थी। मामले में शुभम नेपाली पिता सीताराम यादव (23) निवासी श्रद्धा-सबूरी कॉलोनी, द्वारकापुरी को गिरफ्तार किया गया। उससे लूटी गई एवेंजर बाइक, दिव्यांश की सोने की बाली जब्त हुई। 
 
शुभम ने बताया घटना दिनांक को उसके साथ रेवाराम, अर्जुन त्यागी, चेतन नाथ और सन्नी उर्फ शनि (19) निवासी नेहरू नगर, राऊ भी थे। सभी ने सुबह से शराब के बाद नशीली गोलियां खा ली थीं। पुलिस ने सन्नी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी के अनुसार व्यापारी काकाणी की हत्या में शुभम के पकड़ाने के बाद फरार तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। 
 
नशीली गोलियां खाकर की और भी लूट
-21 जून की दोपहर शुभम, सन्नी, चेतन नाथ, रेवाराम, अर्जुन त्यागी पल्सर और हंक बाइक से तिंछाफॉल घूमने गए थे। वहां भी एक प्रेमी युगल का मोबाइल और पर्स लूटा था। इसके बाद राजेंद्र नगर में लूट की।
-रात में चंदन नगर थाना क्षेत्र में जवाहर टेकरी से अहिरखेड़ी जाने वाले कच्चे रास्ते पर दिलीप सोलंकी (28) निवासी बेटमा और उसके साथी पप्पू सोलटिया पर चाकू से हमला कर रुपए से भरे पर्स और मोबाइल लूट लिए थे।
-23 जून की सुबह सैर पर निकले अतुल काकाणी को उनके दोस्त अजय गुप्ता के सामने शुभम, चेतन नाथ, रेवाराम और अर्जुन त्यागी ने चाकू मारकर सोने की चेन लूट ली थी। इसके बाद शुभम उक्त साथियों से अलग हो गया। वह अपने दोस्त सन्नी उर्फ शनि व तीसरे साथी बाबू के साथ डबलचौकी होते हुए देवास के बरोठा और बागली थाना क्षेत्र पहुंचा। वहां भी दो लोगों के मोबाइल लूट लिए।
 
बाबू को ले गई देवास पुलिस
शुभम, सन्नी और बाबू ने लूटे हुए मोबाइल बंद नहीं किए थे। देवास पुलिस ने मोबाइल कॉल ट्रेसिंग पर डाले तो लोकेशन इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की आई थी। इसी आधार पर इंदौर आई देवास पुलिस बाबू को गिरफ्तार कर ले गई। उससे मोबाइल भी बरामद हुए हैं। शुभम और सन्नी की देवास पुलिस बाद में गिरफ्तारी लेगी। 
 
काकाणी के हत्यारों को शीघ्र पकड़ें- जायसवाल 
इंदौर। व्यापारी अतुल काकाणी की हत्या इंदौर के लिए शर्मनाक है। यह कहना है महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल का। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से मांग की है कि इंदौर में बढ़ रहे अपराध लुटपाट, चोरी, हत्या पर रोक लगाने के लिए सरकार प्रभावी कदम उठाएं। साथ ही पीपल्यापाला, सिरपुर तालाब, मेघदूत गार्डन, नेहरू पार्क, लालबाग, जैसे सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की चौकी बनाई जाएं। पुलिस की गश्त भी बढ़ाई जाएं। उन्होंने काकाणी की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए हत्यारो कों शीघ्र पकड़े जाने की मांग की है। 

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »