26 Apr 2024, 07:57:49 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

रियो ओलिंपिक: श्रीजेश होंगे पुरुष टीम के कप्तान, रितु रानी महिला हॉकी टीम से बाहर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 12 2016 3:27PM | Updated Date: Jul 12 2016 3:27PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने रियो ओलिंपिक के लिए मंगलवार को पुरुष और महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी। हाॅकी इंडिया ने रियो ओलंपिक खेलों से पहले बड़ा फेरबदल करते हुए राष्ट्रीय पुरूष हाॅकी टीम की कमान सीनियर गोलकीपर पीआर श्रीजेश को सौंप दी है जबकि लंबे समय से कप्तानी संभाल रहे सरदार सिंह से यह जिम्मेदारी छीन ली गई है।
 
फिलहाल विश्व हाॅकी के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर में से एक श्रीजेश को लंदन में छह देशों के चैम्पियन्स ट्राॅफी हाकी टूर्नामेंट में उनकी अगुआई में टीम के रजत पदक जीतने का फायदा मिला है। श्रीजेश के लिए खिलाड़ी और कप्तान के रूप में टूर्नामेंट काफी अच्छा रहा और भारत ने टूर्नामेंट के 38 साल के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने फाइनल में नियमित समय तक आॅस्ट्रेलिया को बराबरी पर रोके रखा लेकिन इसके बाद टीम विवादास्पद शूट आउट में हार गई।
 
एसवी सुनील को उप कप्तान नियुक्त किया गया है। दूसरी तरफ सरदार सिंह को मैदान के अंदर और बाहर मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। मैदान पर उनके प्रदर्शन में गिरावट आई है और वह उतने फुर्तीले मिडफील्डर नहीं रहे जितने हुआ करते थे। मैदान के बाहर भी उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है और ब्रिटेन की एक नागरिक ने उनके खिलाफ शादी का वादा करके बलात्कार करने के आरोप लगाए हैं।
 
सरदार सिंह लंबे समय से भारतीय टीम के कप्तान रहे हैं और लंदन ओलंपिक 2012 में भी उन्होंने टीम की अगुआई की थी। सरदार सिंह को इससे पहले चैम्पियन्स ट्राॅफी से आराम दिया गया था जहां भारत ने इतिहास का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके अगले टूर्नामेंट में सरदार सिंह की अगुआई में टीम वेलेंसिया में सिर्फ एक मैच जीत पाई और वह भी आयरलैंड की कमजोर टीम के खिलाफ। भारत इस दौरान दो मैच हारा जबकि दो ड्रॉ रहे।
 
वहीं, महिला टीम की कप्तान रही रितु रानी को टीम में जगह नहीं दी गई है और उनकी जगह सुशीला चानू को कप्तान और दीपिका को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि पुरुष टीम में सरदार सिंह की जगह पीआर श्रीजेश को कप्तान और एसवी सुनील को उपकप्तान बनाया गया है।
 
वैसे ख़बरों के मुताबिक रितु रानी को हाल ही में कैंप से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था, जबकि पुरुष टीम में चोटिल होने की वजह से बिरेन्द लाकड़ा को शामिल नहीं किया गया है। उनकी कमी रियो में टीम को ज़रूर खल सकती है।
 
टीम इस प्रकार है
पीआर श्रीजेश (गोलकीपर और कप्तान), हरमनप्रीत सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, कोथाजीत सिंह, सुरेंदर कुमार, मनप्रीत सिंह, सरदार सिंह, वीआर रघुनाथ, एसके उथप्पा, दानिश मुज्तबा, देविंदर वाल्मिकी, एसवी सुनील, अकाशदीप सिंह, चिंगलेनसाना सिंह, रमनदीप सिंह और निकिन थिमैया।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »