लंदन। रूस में 14 जून से आयोजित होने वाले फीफा वर्ल्ड कप से पहले खेले गए एक अभ्यास मैच में इंग्लैंड ने नाइजीरिया को मात दी। वेम्बले स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने नाइजीरिया को 2-1 से हराया।
इंग्लैंड ने मैच की अच्छी शुरूआत की। सातवें मिनट में किरान ट्रिपिएर से मिले पास को गैरी काहिल ने गोल में तब्दील कर टीम का खाता खोला। इसके बाद कप्तान हैरी काने ने राहीम स्टर्लिग से मिले पास को नाइजीरिया के गोल पोस्ट तक पहुंचाया और इंग्लैंड को 2-0 से आगे कर दिया।
दूसरे हाफ में नाइजीरिया ने खेल में वापसी की लेकिन वह केवल एक ही गोल दाग पाया। एलेक्स इवोबी ने 47वें मिनट में नाइजीरिया के लिए गोल किया। यह टीम की ओर से किया गया इस मैच का एकमात्र गोल था। इसके बाद नाइजीरिया की टीम दूसरा गोल दाग पाने में असफल रही और उसे 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। फीफा वर्ल्ड कप की शुरूआत मॉस्को में होगी।