26 Apr 2024, 05:33:11 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

फीफा की ताज़ा रैंकिग में भारतीय फुटबॉल ने भरी उड़ान

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 9 2015 6:47PM | Updated Date: Apr 9 2015 6:47PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली। भारत ने नेपाल के खिलाफ फीफा विश्वकप फुटबाल क्वालिफाइंग राउंड एक जीतने के अपने प्रदर्शन की बदौलत गुरुवार को जारी ताजा विश्व रैंकिंग में 26 स्थान की लंबी छलांग लगाई है और वह एक बार फिर 150 देशों के अंदर लौट आया है।

भारत 173वें स्थान से उठकर 147 वें स्थान पर पहुंचा है। भारत अप्रैल के शुरू में अपनी सबसे खराब 173वीं रैंकिंग पर पहुंच गया था। भारत आखिरी बार वर्ष 2010 में टाप 150 देशों में रहा था। वह 2011 में 162वें, 2012 में 166वें, 2013 में 154वें और 2014 में 171 वें स्थान पर खिसक गया था।

भारतीय फुटबाल टीम ने नये कोच स्टीफन कोंस्टेनटाइन के आने के बाद अपने पहले दो अंतरराष्ट्रीय मैच नेपाल के खिलाफ खेले हैं। भारत ने क्वालिफाइंग राउंड एक का पहला चरण गुवाहाटी में 2-0 से जीता, जबकि काठमांडू में खेला गया दूसरा चरण गोलरहित ड्रा रहा।
 
भारत ने इस तरह कुल 2-0 के अंतर से यह राउंड जीतकर अगले राउंड के लिये क्वालिफाई कर लिया। कोंस्टेनटाइन दूसरी बार भारत के कोच बने हैं और उनके आने के बाद भारत की फीफा रैंकिंग में शानदार सुधार आया है।

भारत से हारने वाली नेपाल की टीम एक स्थान गिरकर 181 वें नंबर पर खिसक गई है। इस बीच सैफ क्षेत्र की टीम भूटान ने 46 स्थान की लंबी छलांग लगाई है और वह 163वें नंबर पर पहुंच गया है। एशियाई देशों में ईरान 40 वें स्थान के साथ नंबर एक बना हुआ है, जबकि जापान 50वें स्थान के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया के 57 स्थान के साथ तीसरे स्थान पर है।

विश्व रैंकिंग में जर्मनी और अर्जेटीना चोटी के दो स्थानों पर बरकरार है। बेल्जियम एक स्थान के सुधार के साथ तीसरे और ब्राजील एक स्थान के सुधार के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। कोलंबिया एक स्थान गिरकर चौथे नंबर पर खिसक गया है।

स्विट्जरलैंड ने तीन स्थान की छलांग के साथ नौंवे नंबर के रूप में टाप 10 में जगह बनाई है। स्पेन एक स्थान उछला है और 10वें नंबर पर पहुंच गया है। फ्रांस तीन स्थान गिरकर 11 वें नंबर पर खिसक गया है।
       
इस बीच ईरान, जापान, दक्षिण कोरिया, आस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, उज्बेकिस्तान, चीन और इराक को वर्ष 2018 में रूस में होने वाले फीफा विश्वकप के लिये एशियाई ड्रा में शीर्ष वरीयता दी गई है जहां 40 टीमों को आठ अलग-अलग ग्रुपों में बांटा गया है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »