26 Apr 2024, 12:23:51 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » Exclusive news

रीजनल पार्क के तालाब में बन रहा था शादी का मंडप

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 15 2016 10:16AM | Updated Date: Nov 15 2016 10:16AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कृष्णपाल सिह  इंदौर। शहर के एक रसूखदार परिवार ने अपने यहां होने वाले शादी समारोह को आलीशान रूप देने के उद्देश्य से रीजनल पार्क के तालाब में मंडप बनाने की ठानी और अधिकारियों की सांठगांठ से युद्ध स्तर पर इसकी तैयारियां भी शुरू कर दीं। यहां मंडप बनाने के लिए बड़ी-बड़ी क्रेनों के जरिये पानी में लोहे के खंभे खड़े किए जा रहे थे। तालाब के पास स्थित एक खेत में भी समारोह की तैयारियां चल रही हैं, जो धीरे-धीरे बढ़कर तालाब तक पहुंच गर्इं। सारा काम गुपचुप तरीके से चल रहा था कि मामला उजागर हो गया और निगम ने नोटिस जारी कर दिया। इसके बाद मौखिक स्वीकृति देने वाले अधिकारी अब अपनी कुर्सी बचाने के लिए एफआईआर दर्ज कराने की बात कर रहे हैं।

पार्क में अचानक बड़ी के्रन पहुंची और पानी में काम शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पार्क के ज्यादातर कर्मचारियों को थी, लेकिन उन्होंने नौकरी बचाने के लिए चुप्पी साध ली। तालाब में हो रहे इस निर्माण पर पर्यटन विभाग के अफसरों ने आपत्ति लेते हुए निगम के जिम्मेदारों को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा, लेकिन जिम्मेदारों ने उसे दबा लिया, ताकि किसी को भनक न लगे और यह आलीशान समारोह संपन्न हो जाए।

नगर निगम के प्रोटोकॉल अधिकारी अशोक राठौर से

सीधी बात
रीजनल पार्क में क्या शादी हो रही है?
पार्क से लगे खेत मालिक ने शादी के लिए जगह दी है।
तो फिर पानी के अंदर क्या बना रहे हैं?
तालाब में उन लोगों ने जो लगाया उसे हटाने का नोटिस उन्हें दिया है। खेत पर हमारा अधिकार नहीं है।
कौन है पार्टी और किसका काम चल रहा था?
मुझे नहीं पता, मैंने तो साइट इंजीनियर को नोटिस दिया है।
क्या नाम है इंजीनियर का?
ये मुझे नहीं पता। शाम को पता चला तो नोटिस जारी कर दिया।
पार्क में तो सुबह से ही पानी में बड़ी-बड़ी क्रेन के जरिये काम चल रहा था, आपको पता नहीं चला?
मैंने उक्त पार्टी को स्पष्ट कर दिया कि अगर सामान नहीं हटाया तो एफआईआर कराई जाएगी।
किसका कार्यक्रम है, आपको नहीं पता?
नहीं, मुझे कोई जानकारी नहीं है।

किस स्तर पर हुई गड़बड़ी
जो भी कार्यक्रम करा रहा था, उसे चेतावनी दी है कि उक्त निर्माण हटा ले। अन्यथा मंगलवार को निगम की टीम उसे हटा देगी। मामला जैसे ही संज्ञान में आया उसे हटाने के आदेश दे दिए हैं। मैं पता करता हूं, कहां गड़बड़ हुई है।
-देवेंद्र सिंह, अपर आयुक्त,
नगर निगम

दोषियों पर होगी कार्रवाई
रीजनल पार्क नागरिकों के मनोरंजन का स्थान है। यहां कोई निजी आयोजन कैसे कर सकता है। दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होगी। मैं मामला पता करती हूं।
-मालिनी गौड़, मेयर

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »