26 Apr 2024, 22:01:55 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State » Delhi

हताश PM ने नोटबंदी से तोड़ दी देश की रीढ़, कांग्रेस बदलेगी हालात

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 11 2017 12:28PM | Updated Date: Jan 11 2017 7:30PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले के खिलाफ कांग्रेस आज जन वेदना सम्मेलन कर रही है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में हो रहे सम्मेलन में देश भर से तकरीबन 5000 पार्टी नेता और कार्यकर्ता तालकटोरा स्टेडियम पहुंचे हैं।

सम्मेलन में मोदी सरकार के ढाई साल के कामकाज की समीक्षा भी की जाएगी। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक और पार्टी के स्थापना दिवस के बाद ये तीसरा बड़ा मौका होगा जब राहुल गांधी कांग्रेस की अगुवाई कर रहे हैं।

राहुल ने एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। राहुल ने कहा कि नोटबंदी पीएम का निजी फैसला था। पीएम ने आरबीआई का मजाक उड़ाया है।

आरबीआई गवर्नर की सलाह को नजरअंदाज किया गया। हमने नोटबंदी पर जनता की आवाज उठाई है। नोटबंदी की किसी भी अर्थशास्त्री ने तारीफ नहीं की है। नोटबंदी के बाद पीएम बाबा रामदेव जैसे होम मेड इकोनॉमिस्ट के पीछे छिप रहे हैं। बीजेपी ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। हमें 70 साल का हिसाब देने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानी दी है।

राहुल ने हमला जारी रखते हुए कहा कि पीएम 4 दिन में सफाई अभियान भूल गए। हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ इन्होंने तोड़ दी है। नोटबंदी एक बहाना है, मोदी जी को पता लग रहा है कि योगा, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया के पीछे नहीं छुप पाएंगे।

दो-ढाई साल पहले पीएम मोदी ने स्वच्छ भारत की बात कही, ये ड्रामा कुछ दिन चला, फिर मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया आया। भाजपा और हममें फर्क दिख जाता है, मोदी जी ने झाड़ू गलत पकड़ा था। कुछ दिन इंडिया गेट पर योगा किया। पीएम पद्मासन भी नहीं लगा पाए। मेरे गुरू ने कहा था कि जो योग करता है वो पद्मासन कर सकता है, जो पद्मासन नहीं करता वो योग नहीं करता।

सोनिया गांधी और प्रियंका भी बैठक में मौजूद थे
गौरतलब है कि राहुल गांधी के छुट्टी से लौटने के बाद उनके आवास पर मंगलवार को एक अहम बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद थे। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह भी मौजूद थे। राहुल ने यह बैठक 4 फरवरी से पांच राज्यों में शुरू हो रहे चुनावों से पहले की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बुलाई थी।

बैठक में नवजोत सिंह सिद्धू पर हुई बातचीत
सूत्रों की मानें तो बैठक में नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में शामिल होने पर भी बात हुई। ख़बरों की मानें तो पूर्व बीजेपी सांसद नवजोत सिंह सिद्धू एक-दो दिन में कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। काफी दिनों से उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा चल रही थी।

छुट्टी से लौटे राहुल
आख़िर दस दिनों की छुट्टी के बाद राहुल गांधी देश लौट आए हैं। आते ही उनके घर पर बैठकों का सिलसिला शुरु हो गया। फिर कांग्रेस का फैसला सामने आया कि बुधवार को होने वाले जन वेदना सम्मेलन की अध्यक्षता राहुल ही करेंगे। संकेत दिए जा रहे हैं कि अध्यक्ष बेशक सोनिया हों लेकिन सारी अहम भूमिका राहुल ही निभा रहे हैं।
 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »