रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने ट्रक की बैट्री चोरी के आरोप में कल बोकारो में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर की गई हत्या को लेकर रघुवर सरकार पर हमला बोलते हुए आज कहा कि उसने राज्य को नव-उद्यमियों का लॉन्चिंग पैड बनाने के बजाय लिंचिंग पैड बना दिया है। सोरेन ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर ट्वीट कर कहा, ‘‘शर्मनाक। सच में मानवता बची ही नहीं। झारखंड को नव-उद्यमियों के लॉन्चिंग पैड बनाने वाली सरकार ने इसे लिंचिंग पैड बना छोड़ा है।
नेता प्रतिपक्ष ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘शासन-प्रशासन निरीह है। मुख्यमंत्री रघुवर दास बढ़ती मॉब लिंचिंग के बारे में अपनी अक्षमता दिखा कहते हैं-दूसरे राज्यों में भी होता है। कभी बच्चा चोरी, गौ हत्या, चोरी तो कभी डायन बिसाही के नाम पर लोगों की जान ले लेना। भाजपा ने झारखंड को लॉन्चिंग पैड बना दिया है। दुखद! इसे बदलना होगा।