मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री में बॉक्स आॅफस के नतीजों से सितारों की कीमत बढ़ती घटती हैं। परिणीति चोपड़ा अपनी हालिया फिल्मों के खराब परफॉरमेंस से चिंतित हैं, क्योंकि इनका परिणाम उनकी आने वाली फिल्मों पर पड़ रहा है। हाल में परिणीति और अर्जुन कपूर स्टारर नमस्ते इंग्लैंड ने टिकट खिड़की पर पानी भी नहीं मांगा। समस्या यह है कि इस जोड़ी की एक और फिल्म संदीप और पिंकी फरार तैयार बनी रखी है।
नमस्ते इंग्लैंड का हश्र देख कर इस फिल्म के निर्माताओं के होश उड़ गए हैं। उन्होंने सबसे पहला कदम यह उठाया है कि फिल्म को 2018 की जगह 2019 में रिलीज करने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार निर्माता अब इस सोच में अर्जुन परिणीति की फ्लॉप जोड़ी वाली फिल्म को कैसे प्रमोट किया जाए कि लोगों की उसमें दिलचस्पी जागे।
वह फिल्म भी फ्लॉप न हो जाए। इंडस्ट्री के जानकारों की मानें तो नमस्ते इंग्लैंड फ्लॉप होने और संदीप और पिंकी फरार आगे बढ़ने से परिणीति को ज्यादा नुकसान है, क्योंकि अर्जुन इंडस्ट्री के परिवार से हैं और उनके पिता बड़े प्रोड्यूसर हैं। परिणीति चोपड़ा के पास कोई सहारा नहीं है। लेडीज वर्सेज रिक्की बहल, इश्कजादे तथा शुद्ध देसी रोमांस से बढ़िया शुरूआत करने वाली परिणीति का करिअर हंसी तो फंसी से नीचे आ गया था और दावत ए इश्क, किल दिल, मेरी प्यारी बिंदु में वह फ्लॉप होती गईं।
गोलमाल अगेन सफल थी, परंतु इसका क्रेडिट परिणीति को नहीं गया, क्योंकि यह मल्टीस्टारर फ्रेंचाइजी फिल्म थी। इधर नमस्ते इंग्लैंड के बाद मीडिया में पॉजिटिव खबरें भी नहीं आई हैं। उन्हें निर्देशक अनुराग बसु की लाइफ इन अ मैट्रो में लिए जाने की खबरें थीं। फिर कहा गया कि नमस्ते इंग्लैंड का हाल देखकर उन्हें हटा दिया गया। हालांकि परिणीति ने इस बात का खंडन किया कि वह फिल्म में थीं। जानकारों के अनुसार परिणीति के पास अब ज्यादा फिल्में नहीं हैं और उनका मुख्य आसरा जबरिया जोड़ी ही है।