26 Apr 2024, 09:20:38 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

भोपाल। मध्यप्रदेश के खंडवा में महान गायक किशोर कुमार के 'गांगुली हाउस' को नगर निगम गिरा देगा। घर के बाहर निगम ने घर को गिराने का नोटिस चस्पा कर दिया है। 

किशोर कुमार का पारिवारिक मकान भोपाल से लगभग 250 किलोमीटर दूर खंडवा नगर के बाम्बे बाजार क्षेत्र में है। खंडवा नगर निगम के आयुक्त जेजे जोशी ने बताया कि हमने किशोर के पैतृक मकान के पीछे के हिस्से को जर्जर होने के कारण खतरनाक करार देते हुए गिराने के लिये भवन पर नोटिस चस्पा कर दिया है।
 
उन्होंने कहा, फिलहाल इस मकान में कोई नहीं रहता, इसलिये नोटिस चस्पा किया गया है। इसमें मकान मालिक को मकान के खतरनाक हिस्से को गिराने के लिये कहा गया है। बारिश की वजह से खतरनाक भवनों की जांच करने की यह हमारी सामान्य गतिविधि है।
 
मालूम हो कि किशोर कुमार, उनके भाई अशोक कुमार और अनूप कुमार ने अपने प्रारंभिक वर्ष इसी मकान में बिताये हैं। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता जय नागड़ा ने कहा कि यह संपत्ति कई वर्षों से लगातार नजरअंदाज की जा रही है। किशोर दा के परिवार से कोई भी व्यक्ति इस संपत्ति की देखभाल के लिये यहां नहीं आता है। यह मालूम हुआ कि यह संपत्ति अब अनूप कुमार के हिस्से में है। स्थानीय लोगों ने कई दफा यह मांग की है कि इस भवन को किशोर कुमार की याद में संग्रहालय बनाया जाना चाहिये, लेकिन किसी ने इस बारे में अब तक कोई रुचि नहीं दिखाई है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »