मुंबई। हाल ही में फिल्मफेयर मैगजीन ने इस खबर का ऐलान किया था कि अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा अगले साल तक शादी कर सकते हैं। हालांकि, अर्जुन और मलाइका ने इन खबरों पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है। लेकिन इन दिनों दोनों को अक्सर साथ देखा जा रहा है। जैसा कि आप सभी जानते है कि अभिनेता अरबाज़ खान और मलाइका अरोड़ा एक दूसरे से अलग हो चुके हैं।
साल 2017 में दोनों ने 19 साल के रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया था। अलग होने के बाद से अरबाज़ और मलाइका दोनों ने ही तलाक के बारे में किसी तरह की कोई बात कभी नहीं की। अब जाकर अरबाज़ ने पहली बार इस बारे में अपनी चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में जूम टीवी को दिए एक इंटरव्यू में जब अरबाज खान से पूछा गया कि उनकी नजर में आदर्श रिश्ता क्या है तो वो हंस पड़े और कहा कि वो इस पर टिप्पणी करने के लिए सही इंसान नहीं है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि सबसे अच्छा रिश्ता क्या है।
उन्होंने ये भी खुलासा किया कि उन्होंने अपने रिश्ते में 21 साल कोशिशें की लेकिन सफल नहीं हो पाए। अगर मीडिया रिपोर्ट्स पर विश्वास किया जाए तो खबरें यहां तक हैं कि अरबाज़ अगले साल जॉर्जिया से शादी भी रचा सकते हैं। हालांकि अब तक शादी को लेकर कोई आधिकारिक खबर नहीं आई है। वहीं मीडिया रिपोर्ट में इनके तलाक की वजह मलाइका और अर्जुन कपूर के बीच बढ़ रही नजदीकियों को बताया गया था।