20 Apr 2024, 19:12:53 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

UN में बोलीं सुषमा स्वराज - बातचीत के लायक नहीं है पाकि, हमेशा देता है धोखा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 30 2018 12:49PM | Updated Date: Sep 30 2018 12:50PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

यूनाइटेड नेशंस। संयुक्त राष्ट्र महासभा  के 73वें सत्र में शनिवार को भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई। अपने संबोधन में सुषमा ने कहा कि पाक ऐसा पड़ोसी देश है जिसे आतंकवाद फैलाने के साथ-साथ अपने किए को नकारने में भी महारथ हासिल है। पाकिस्तान को आतंकवादियों की सुरक्षित पनाहगाह बताते हुए सुषमा ने कहा कि 26/11 का मास्टरमाइंड हाफिज सईद अब तक खुला घूम रहा है। अपने संबोधन में सुषमा ने जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद को दुनिया के सामने खड़ी सबसे बड़ी परेशानियां बताया। 
 
हमेशा धोखा देता है पाक
पाकिस्तान द्वारा बातचीत के आॅफर पर सुषमा ने कहा कि भारत हमेशा बातचीत से मुद्दों को सुलझाने का पैरोकार रहा है, लेकिन पाकिस्तान हमेशा धोखा देता है। उन्होंने कहा कि हम मानते हैं कि बातचीत से जटिल से जटिल मुद्दे सुलझाए जा सकते हैं, पाक के साथ वार्ताओं के दौर चले हैं, लेकिन हर बार पाकिस्तान की हरकतों के चलते बातचीत रुक जाती है। सुषमा ने कहा कि पहले की सरकारों की तरह मोदी सरकार ने भी बातचीत का रास्ता अपनाया था, इसलिए पीएम मोदी ने अपने शपथ ग्रहण में सार्क देशों के प्रमुखों को बुलाया था। सुषमा ने कहा कि वह खुद भी इस्लामाबाद गईं थी, लेकिन उसके तुरंत बाद ही पठानकोट हमला हुआ। पाकिस्तान के मौजूदा प्रधानमंत्री इमारन खान द्वारा भेजे गए बातचीत के प्रस्ताव पर भी सुषमा ने भारत का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि भारत ने वार्ता के लिए हामी भर दी थी, लेकिन उसी वक्त तीन भारतीय सैनिकों का अपहरण करके उनमें से एक को मार दिया था।
 
ये मुद्दे उठाए
- सुषमा ने कहा कि हर साल भारत इस मंच से कहता रहा है कि आतंकवादियों और उनके संरक्षकों पर काबू के लिए सूचियां पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने इस क्रम में अंतरराष्ट्रीय कानून की जरूरत पर बल दिया।
- भारत ने 1996 में संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक संधि (सीसीआईटी) के संबंध में एक मसौदा दस्तावेज का प्रस्ताव दिया था। लेकिन वह मसौदा आज तक मसौदा ही बना हुआ है क्योंकि संयुक्त राष्ट्र के सदस्य एक साझा भाषा पर सहमत नहीं हो सकते।
- एक ओर हम आतंकवाद से लड़ना चाहते हैं वहीं दूसरी ओर, हम इसे परिभाषित नहीं कर सकते।  यही कारण है कि जिनके सिर पर इनाम घोषित है, उन्हें संयुक्त राष्ट्र के एक सदस्य देश द्वारा आजादी के नायक के रूप में पेश किया जाता है।
 
दुनिया ने पहचाना पाक का चेहरा
सुषमा ने यह भी कहा कि पाकिस्तान अपने आपको कितना भी बचाए लेकिन दुनिया ने उसका चेहरा पहचान लिया है। यहां उन्होंने पाकिस्तान के फाइनैंशल ऐक्शन टास्क फोर्स की ग्रे लिस्ट यानी संदिग्धों वाली सूची में शामिल होने का जिक्र किया। विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान भारत पर मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाता है, लेकिन खुद मारने वालों के साथ खड़े होता है और मारे जाने वालों पर चुप्पी साधता है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »