शंघाई। चीन के गुआंगदोंग प्रांत में भारी बारिश के कारण 12 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और वर्षा प्रभावित क्षेत्रों से 1,27,000 लोगों को निकाला गया है। समाचार समिति शिन्हुआ ने शनिवार को यह जानकारी दी। शिन्हुआ ने बताया कि बारिश के कारण गुआंगदोंग प्रांत की 27 से अधिक काउंटी प्रभावित हुई हैं और यहां रह रहे 12 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
वर्षा के कारण दो लोगों की मौत हो गयी है और दो लोग लापता हैं। बारिश के कारण 44,700 हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसल तबाह होने से एक अरब युआन का नुकसान हुआ है। दैनिक समाचार पत्र चाइना डेली ने कहा था कि पूर्वी शांगडोंग प्रांत में अगस्त में भारी बारिश और चक्रवाती तूफान के कारण 14 लोगों की मौत हो गयी और इससे 10 अरब युआन का प्रत्यक्ष नुकसान हुआ है।