23 Apr 2024, 23:28:03 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

नवाज शरीफ के नवासों ने प्रदर्शनकारी को मारा, लंदन पुलिस ने पकड़ा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 14 2018 10:54AM | Updated Date: Jul 14 2018 10:54AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

पाकिस्तान। पाक के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के नवासों को लंदन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नवाज के नवासों पर आरोप है कि उन्होंने घर के सामने प्रदर्शनकारी पर हमला किया। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, नवाज के नवासे जुनैद सफदर और जकारिया हुसैन ने पार्क लेन स्थित उनके लंदन आवास के बाहर एक प्रदर्शनकारी को गुरुवार को मारा था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। जुनैद, नवाज की बेटी मरियम के बेटे हैं और जकारिया, नवाज के बेटे हुसैन नवाज की संतान हैं।
 
गौरतलब है कि पनामा पेपर लीक के बाद नवाज के खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार के तीन मामलों में एक (एवेनफील्ड संपत्ति मामला) में उन्हें कुछ ही दिन पहले एक भ्रष्टाचार रोधी अदालत ने 11 साल कैद की सजा सुनाई है। शरीफ और उनकी बेटी मरियम शुक्रवार को लंदन से पाकिस्तान लौट रहे हैं। गुरुवार को लंदन में एक प्रेस वार्ता के दौरान शरीफ ने कहा कि वह जेल की परवाह किए बगैर लौट रहे हैं। वह इस बात को लेकर दुखी हैं कि वह अपनी बीमार पत्नी को वेंटीलेटर पर छोड़ कर जा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा, मैं वोट को सम्मान देने के वादे को पूरा करने के लिए लौट रहा हूं। देश में 25 जुलाई को आम चुनाव है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अब नहीं रुकेंगे, चाहे उन्हें जेल में डाल दिया जाए या फांसी दे दी जाए। शरीफ ने एवेनफील्ड मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि फैसले में यह लिखा हुआ है कि उन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों से दोषमुक्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि फैसले में यह लिखा जाना चाहिए था कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई साक्ष्य नहीं पाया जा सका। क्या ऐसा कोई पाकिस्तानी है जिसकी तीन पीढ़ियों को इस तरह की जवाबदेही का सामना करना पड़ा हो?
 
शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान के लोगों ने एक बार फिर से न्याय का 'असली चेहरा' देखा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान की हर संस्था का सम्मान किया है। उन्होंने देश को 1998 में परमाणु शक्ति संपन्न बनाया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के इस बयान को लेकर उनकी आलोचना की कि वह लंदन से नहीं लौटेंगे। शरीफ ने कहा, जो लोग मुझे विदेश यात्रा प्रतिबंध सूची में रख रहे हैं, उन्हें जानना चाहिए कि मैं वापस आ रहा हूं। मैं और मरियम वापस आ रहे हैं। यह मेरा उनके लिए संदेश है कि मैं उनमें से नहीं जो भाग जाउंगा। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »