हांगकांग। विमान में बैठे एक यात्री को लैंडिंग के समय गर्मी लगने लगी तो उसने ताजी हवा पाने के लिए आपातकालीन निकास दरवाजा ही खोल दिया। इस हरकत के कारण उसे हिरासत में ले लिया गया। मामला चीन के सिचुआन प्रांत का है।
चेन सरनेम का चीनी नागरिक सिचुआन के दक्षिण-पश्चिम प्रांत के मियांगयांग हवाई अड्डे पर विमान की लैंडिग का इंतजार कर रहा था, तभी उसे लगा कि ताजी हवा की जरूरत है और उसने आपात निकासी द्वार खोल दिया। 25 वर्षीय चेन ने दुर्भाग्य से विमान की खिड़की के जिस हैंडल को पकड़ा हुआ था, वह आपात दरवाजे के हैंडल से जुड़ा था।
इसके चलते जैसे ही उसने हैंडल खींचा, दरवाजा खुल गया। क्रू मेंबर ने तत्काल पुलिस को सूचित किया, जिस पर उसे 15 दिन के लिए हिरासत में ले लिया गया। इसके अलावा उस पर विमान में हुई असुविधा की भरपाई के लिए 70 हजार युआन (11 हजार अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना भी लगाया गया है। एयरलाइन ने कहा टेकआॅफ करने के पहले फ्लाइट अटेंडेंट यात्रियों को सुरक्षा सावधानियों के बारे में सूचित करते हैं। इस दौरान उन्हें आपात अवस्था में आपातकालीन निकास से भी अवगत कराया गया था।